प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जांजगीर दौरे  का विरोध करने के लिए निकले नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बिलासपुर की सीमा से बाहर ढेका में गिरफ्तार कर लिया। उन्हें यहां कैरियर पाइंट वर्ल्ड स्कूल के अस्थायी जेल में दाखिल कराया गया है। यह स्कूल कांग्रेस नेता राजेन्द्र चावला का है।

आज सुबह करीब 10 बजे कांग्रेस भवन से पार्टी कार्यकर्ता गांधी चौक तक पहुंचे। गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जांजगीर के लिए कार्यकर्ता गुरुनानक चौक से बाहर निकले। इस पूरे रास्ते पर पुलिस बल भारी संख्या में तैनात थी। ढेका के पास पहुंचे ही पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकना शुरू किया। एक समय यह स्थिति बन गई कि पुलिस फोर्स को कांग्रेसियों की भीड़ ने धकेलना शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ढेका में कैरियर पाइंट वर्ल्ड स्कूल को बनाए गए अस्थायी जेल से आगे नहीं बढ़ने दिया।


यहां लगातार नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा अमर अग्रवाल के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगाते रहे। इस बीच सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद जिले व मुंगेली, तखतपुर आदि स्थानों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तार लोगों का नाम-पता लिखने का काम इस समय जारी रखा है, जबकि इनकी संख्या 300 के आसपास हो सकती है।

गिरफ्तार नेताओं में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय, अभय नारायण राय, प्रदेश महामंत्री वाणी राव, प्रदेश सचिव विवेक बाजपेयी, राजेन्द्र शुक्ला, रविन्द्र सिंह, पंकज सिंह, सीमा सोनी, सीमा पांडेय, अकबर खान आदि शामिल हैं।

‘जरूरत पड़ी तो हम भी लाठी उठाएंगे’

इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस भवन में लाठी चार्ज कर भाजपा नेताओं की शह पर पुलिस ने बर्बरता का परिचय दिया है। हमने शालीनता का परिचय देते हुए कानून का पालन किया, लेकिन यह बर्बरता नहीं रुकी तो हम भी लाठियां उठाने में संकोच नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां-जहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल का कार्यक्रम होगा, हमारा विरोध जारी रहेगा।

जांजगीर जाने के लिए निकले कार्यकर्ताओं में से अनेक ने पूरी तरह काले कपड़े पहन रखे थे। कुछ ने काला साफा और पट्टियां लगा रखी थीं। तखतपुर, मुंगेली, लोरमी, कोटा आदि जगहों से भी गिरफ्तारियों की जानकारी मिल रही है।

मालूम हो कि 18 सितंबर को कांग्रेस भवन में घुसकर पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। आज जांजगीर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के दौरान उन्हें काला झंडा दिखाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता  प्रदेशभर से जांजगीर पहुंचने वाले थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here