Home अपडेट आम आदमी पार्टी ने किया नेता प्रतिपक्ष कौशिक के घर प्रदर्शन, गुलदस्ता...

आम आदमी पार्टी ने किया नेता प्रतिपक्ष कौशिक के घर प्रदर्शन, गुलदस्ता भेंट कर कहा- इलाज कराएं

आम आदमी पार्टी का नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के निवास पर प्रदर्शन।

दिल्ली में सीएम केजरीवाल के निवास पर भाजपा के हमले का विरोध

बिलासपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हुए हमले के विरोध में आज आम आदमी पार्टी नेताओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के निवास पर धरना प्रदर्शन किया। कौशिक ने घर से बाहर निकलकर आंदोलनकारियों से गुलदस्ता लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि केजरीवाल के आवास पर भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या सहित भाजपा के लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया वह बेहद निंदनीय है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। हम आपस में प्रेम, सद्भाव व शांति के साथ राष्ट्र निर्माण का काम करते हैं।

कौशिक के आवास पर गेट के सामने बैठकर आप कार्यकर्ताओं ने रघुपति राघव राजाराम गाया। वे अपने हाथों में गेट वेल सून का पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। करीब दो घंटे प्रदर्शन चला। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष कौशिक घर से बाहर निकले। आप कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल देते हुए कहा कि भाजपा के नेता बीमार हो चुके हैं। उनके लिए दिल्ली के अच्छे सरकारी अस्पताल में केजरीवाल सरकार मुफ्त इलाज करा सकती है। कौशिक के हाथों में उन्होंने गेट वेल सून का कार्ड भी थमाया।

कौशिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है। हर किसी को अपनी पार्टी का विस्तार करने का हक है। हालांकि यहां इसकी संभावना क्षीण है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।

ज्ञात हो कि कल आम आदमी पार्टी ने इसी मुद्दे पर कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन किया था और जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा था।

पदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी से लीलावती लहरे, अनिलेश मिश्रा, भागवत साहू, जाकिर अली, संजय श्रीवास, संजय सूर्यवंशी, अरविंद पांडे, रवि यादव, निकिता ठाकुर, आशना जायसवाल, संजय गढ़ेवाल, गुलाम अमन, संतोष बंजारे, खगेश चंद्राकर, दीपक तिवारी, विनय गढ़ेवाल, इरफान सिद्दीकी, राजिक अली, दिनेश अनंत, शंकर कश्यप, तिहार, आशीष तिवारी, ईश्वर चंदेल, मिर्जा आजम आदि शामिल थे।

NO COMMENTS