तारक मेहता का उल्टा चश्मा की बबीता, भाटिया फ्यूल्स के गरबा उत्सव में पहुंचीं

टीवी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में 99.9 प्रतिशत लड़कियों को किसी न किसी रूप में  यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। यह न केवल मनोरंजन की दुनिया में बल्कि दूसरे कामकाज के स्थलों पर भी होता है। हाल ही में मी टू पर बहस इसलिए तेज हुई  है क्योंकि इसमें मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े प्रसिद्ध लोगों का नाम निकलकर सामने आया है।

लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता का किरदार निभाने वाली मुनमुन दत्ता ने आज एक होटल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बात कही। वे यहां भाटिया फ्यूल्स द्वारा आयोजित रास गरबा उत्सव में शामिल होने के लिए पहुंची हैं।

इन दिनों मी टू मूवमेंट चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वे लड़कियों को कार्य स्थल पर अपना ख्याल रखने के लिए कई माह पहले से ट्वीट करती रही हैं। उन्होंने पिंक ट्वीट अभियान छेड़ा था। यह अफसोस की बात है कि 99.9 प्रतिशत लड़कियों के साथ किसी न किसी रूप में यौन उत्पीड़न होता है। हमें अपने करीबियों और संबंधियों से भी बुरा अनुभव हो सकता है। अपने साथ हुए उत्पीड़न को लेकर जिन लोगों ने पहल की है वह बहुत सराहनीय पहल है। लड़कियों के साथ जब होता है तो वह बोलने से डरती रही हैं। अब लोगों ने बोलना शुरू किया है। इंडस्ट्री में जाने-पहचाने लोगों के साथ, मशहूर लोगों ने जो किया वे घटनाएं सामने आईं इसलिए लोगों ने इसे अब गंभीरता से लेना शुरू किया है।

एक सवाल के जवाब में मुनमुन दत्ता ने इस बात से इन्कार किया कि उन्होंने किसी के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत कहीं पर भी पोस्ट की या दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, मुझे ताज्जुब होता है कि इस तरह की आधारहीन बातें क्यों निकल कर आ रही है।

उन्होंने बताया कि वह बिलासपुर पहली बार आई हैं। मैंने अब तक गुजरात और दूसरे प्रदेशों में रास गरबा के आयोजन देखे हैं। चूंकि मैं बंगाली हूं,  मुझमें दुर्गा पूजा को लेकर जबरदस्त उत्साह रहता  है। छत्तीसगढ़ में भी यह बड़े पैमाने पर मनाया जाता है यह जानकर बड़ी खुशी हुई। मुझे यहां इसका प्रचलन होने की जानकारी नहीं थी।

उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि टेलीविजन की पहुंच बहुत अधिक है यह गांवों तक के हर घर तक जा चुका है इसलिए इसमें जो कुछ भी दिखाया जाता है उनमें सामाजिक जागरूकता का संदेश होना ही चाहिए।

रास गरबा उत्सव के आयोजक फाउन्डेशन क्रिकेट अकादमी के संस्थापक प्रिंस भाटिया ने बताया कि तारक मेहता का उल्टा चश्मा सीरियल काफी सफल है। उनके खुद के घर के लोग काफी पसंद करते हैं और बबीता जी के किरदार में मुनमुन दत्ता जी को काफी लोकप्रियता हासिल है। इसलिए हमने इस बार रास गरबा में उन्हें आमंत्रित करने का निर्णय लिया।

मुनमुन दत्ता से मिलने के लिए बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक भी होटल परिसर में अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। उनसे मुनमुन दत्ता ने अपील की वे बच्चों को वीडियो गेम्स और गैजेट्स से जरा दूर हटाकर रखें और उन्हें खूब पढ़ने लिखने तथा धूल-मिट्टी में खेलने के लिए कहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here