बिलासपुर के कारण आसपास की सीटों पर भी भगवा रंग लहराता है…

कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा

विधायक व प्रदेश के मंत्री अमर अग्रवाल ने अपने विरोधियों को चुनौती दी है कि जो लोग पैसे के बल पर चुनाव परिणाम बदलने की बात करते हैं वे चाहे जो शक्ति और पैसा लगा लें, भाजपा के कार्यकर्ताओं की फौज मेरे साथ है। बिलासपुर की जनता का प्यार मुझे है और न मैं न अन्याय होने दूंगा, न करने दूंगा। मुझसे और भाजपा के लोगों से उनको तकलीफ होती है जिनके गलत काम न हुए हैं, न ही होंगे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के कार्यकर्ताओं के व्यवहार के चलते आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में भी भगवा रंग लहराता है। हमें पूरे जिले में भाजपा को जिताकर एक बार फिर डॉ. रमन सिंह की सरकार बनानी है।

मंत्री अग्रवाल 30 अगस्त से मंडल इकाइयों का सम्मेलन आयोजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को पूरे शहर के भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन त्रिवेणी भवन में हुआ। इसमें दक्षिण मंडल और रेलवे मंडल के कार्यकर्ता और युवा, महिला और अन्य आनुषांगिक संगठन के 6 मंडलों के 226 बूथों के अध्यक्ष और प्रभारी भी थे।

इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं का उन्हें 1998 से लगातार प्यार मिल रहा है, जिसके चलते लगातार विधायक बनने का अवसर दिया गया है। इस बार आप सब की मेहनत से फिर सरकार बनेगी। अक्टूबर में राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नेता आएंगे और पांच सितंबर को मुख्यमंत्री की विकास यात्रा पहुंचेगी। कार्यकर्ता वार्ड कार्यालयों में समय देकर जनता की सुख सुविधाओं और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते चलें। हम सभी का व्यवहार, आचरण बिलासपुर शहर में परिणाम देता है, साथ ही बेलतरा, बिल्हा, तखतपुर, मस्तूरी, कोटा में भी भाजपा के पक्ष में माहौल बन जाता है। हम सब को पूरे जिले की सीटों में पार्टी को जिताना है और डॉ. रमन सिंह की सरकार बनानी है।

इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कई सुझाव भी दिए। सम्मेलन में महापौर किशोर राय, दक्षिण मंडल प्रभारी महेश चंद्रिकापुरे, अध्यक्ष धीरेन्द्र केशरवानी, एल्डरमैन मनीष अग्रवाल, गुलशन ऋषि, जुगल अग्रवाल, प्रवीण सेन, मकबूल अली, मीनाक्षी, पार्षद मीना गोस्वामी, उषा मिश्रा, स्नेहलता शर्मा, युवा मोर्चा के जिले के अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, अमित तिवारी, युसूफ अली बरकाती, मनोज कश्यप, रामकुमार सेठी, अभिजीत मित्रा, शैलेश मिश्रा, रोशन सिंह, मोनू रजक, दिलीप प्रजापति, राजेंद्र पटेल, पार्षद मनजीत गोस्वामी, गणेश रजक, ओंकार केशरवानी, जगदीश साहू, राजेश मिश्रा, जगदीश अग्रवाल, जितेंद्र अंचल, केदार खत्री, किरण सिंह, सीमा चौधरी, रवि गोयल, कमल चावड़ा, मनीष गुप्ता, विकास एंथोनी, जितेंद्र राय, सारिका सोनी, डिंपल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here