पश्चिम मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, चुनावी तैयारियां शुरू

प्रदेश सरकार के मंत्री एवं शहर विधायक अमर अग्रवाल का कहना है कि जनता यह जानती है  कि कांग्रेस को यदि अवसर मिल गया तो शहर चंदाखोरी और गुंडागर्दी के पुराने दौर में लौट जाएगा। ये चंदाखोरी किए बिना,गुंडागर्दी किए बिना, गरीबों को सताए बिना नहीं रह सकते और यह शहर पूर्णतः गलत लोगों के हाथ में चला जाएगा।

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में कसावट लाने नगर विधायक अमर अग्रवाल ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक लेनी शुरू कर दी है। राममंदिर सभागृह तिलकनगर में आज पश्चिम मंडल की बैठक हुई, जिसमें वार्ड एक से 11 तक के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर पहुंचे मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में काम करने की पहली शर्त है कि कोई भी कार्यकर्ता आम आदमी से गलत व्यवहार न करे। कुछ लोगों के पास बाहुबल और पैसों ताकत आ जाती है और वे कोशिश करते हैं, कोशिश की भी लेकिन हमने तय किया कि इस शहर में गरीबों पर अत्याचार नहीं चलेगा, दादागिरी नहीं चलेगी। इस शहर में पैसे के दम पर दूसरे पर अन्याय करने का विचार कभी नहीं चलेगा। कुछ लोगों के पास ताकत है, बाहुबल है पर मुझसे कहने की हिम्मत तो किसी में है नहीं। कहते हैं चुनाव आने दो बताएंगे। और वे ऐसा करेंगे भी। 10-12 लोगों को (वोट काटने के लिए) मैदान में उतार देंगे। ये वो लोग होंगे जिन्होंने जमीन लूटने की कोशिश की और मैंने लुटने नहीं दी। बहुत से लोगों ने अन्याय, दादागिरी और गलत करने की कोशिश की, मैंने नहीं करने दिया। ये लोग कहते हैं मेरा विरोध करेंगे, मैं कहता हूं करो। खूब करो और पूरा दम लगाके करो। मुझे इस बात की कोई परवाह नहीं है। मेरी एक ही प्राथमिकता है कि शहर शांति से चले। मैं जानता हूं कि बिलासपुर शहर की जनता विरोध करने वाले ऐसे चेहरों को बहुत अच्छे से जानती है। कई लोगों को भ्रम हो जाता है कि हम हराने, जिताने का काम करते हैं। मेरा इन 20 सालों में कभी विश्वास नहीं रहा कि कोई पैसे वाला या बाहुबली हराने जिताने का काम करता है, जिताने हराने का काम भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता करता है।

मंत्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें थोड़ा व्यवस्थित होकर काम करने की जरूरत है। हमने जो अच्छा काम शहर के लिए किया है वह जनता के मन में है, हम केवल समझाएंगे, जिन्हें लाभ नहीं मिला है उन्हें लाभ दिलाएंगे। रही बात कांग्रेसियों की तो उनके बारे में जनता पूरी बात जानती है। उनका चेहरा देखते ही जनता को सब याद आ जाता है। कुल मिलाकर सारी परिस्थिति हमारे अनुकूल है। हमारा यही प्रयत्न होगा कि हमारा जनाधार निरंतर बढ़ता जाए। यहां सभी मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित हैं। सभी सोशल मीडिया, वाट्सअप आदि ग्रुप से आपस में जुड़ेंगे और उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी मिलती रहेगी, उसी के अनुरूप कार्य करना है।

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम मंडल की बैठक राम मंदिर में संपन्न हुई इसमें पश्चिम मंडल के सभी पार्टी के महिला मोर्चा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अनुसूचित जाति मोर्चा अनुसूचित जनजाति मोर्चा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मंडल के प्रभारी रमेश लालवानी, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री रामदेव कुमावत महापौर किशोर राय, मंडल अध्यक्ष सहदेव कश्यप  जोन के प्रभारी मनीष अग्रवाल के साथ सभी भारतीय जनता पार्टी के पार्षद मौजूद थेl

प्रभारी मनीष अग्रवाल ने कहा कि विधायक के सुझावों से भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता बेहद खुश नजर आए। विलासपुर नगर के बूथ के कार्यकर्ताओं की आगामी बैठक 22 सितंबर को रखी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here