लोगों ने फोन कर कहा-लाठियां और पड़नी चाहिए थी, कम पड़ी

नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने अपने जन्मदिवस पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में 18 सितंबर को हुई लाठी चार्ज की घटना को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिनके पास कुछ नहीं है वह बेवजह चीखता चिल्लाता है। उनके पास 100 कार्यकर्ता भी नहीं, हमारे पास हजारों लोग हैं।

मंत्री अमर अग्रवाल ने अपना जन्मदिन श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कुंदन परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मनाया। अपने भाषण में 18 सितम्बर को हुए लाठी चार्ज का जिक्र करते हुए मंत्री अग्रवाल ने कहा कि घटना के बाद मेरे पास सैकड़ों फोन आए, जिसमें कहा गया कि यह सही हुआ है। वे इसी लायक हैं, पिटाई और होनी थी। कांग्रेस चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, लाठी चलाने की कार्रवाई पुलिस की थी, हमारी कोई भूमिका नहीं थी। यह शांतप्रिय शहर है।  हमें शांति बनाकर रखना है। हमारे पास हजारों कार्यकर्ता हैं, जबकि उनके पास सौ भी नहीं।  हमारे कार्यकर्ता कचरा संस्कृति पसंद नहीं करते। एक कहावत का उल्लेख करते हुए मंत्री अमर ने कहा कि जिनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है, वह और क्या करेगा। दो चार लाठियां ही तो पड़ी है पर ये लोग सहानुभूति बटोरने के लिए पोस्टर वार शुरू कर रहे हैं, वीडियो वायरल कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को चिंता करने की कोई बात नहीं है। जनता इनका चेहरा अच्छी तरह पहचानती है। वह इनकी आपराधिक गतिविधियों के कारण उनसे डरती है।

इसके पहले मंत्री ने आगामी चुनाव की चल रही तैयारियों पर कार्यकर्ताओं को कई टिप्स दिए। समारोह में मंच पर एक विशाल केक काटा गया। कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्री पुन्नूलाल मोहले, विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान आदि ने भी सम्बोधित किया। दीवान का उन्होंने पैर छुआ।

शाम को प्रतिभावान स्कूल, कॉलेज के बच्चों और विविध क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को मंत्री की  ओर से सम्मानित किया गया गया। बुजुर्गों के सम्मान में भी कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here