बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी अरूण साव ने आज कलेक्टोरेट में अपना परचा दाखिल किया। भाजपा ने गांधी चौक से एक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। यहां पत्रकारों से बात करते हुए साव ने सांसद लखन लाल साहू के स्टिंग ऑपरेशन को साजिश बताया है।

लोकसभा चुनाव के लिए बिलासपुर सीट पर नामांकन दाखिले की आज अंतिम तारीख थी। भाजपा प्रत्याशी अरूण साव ने आज अंतिम दिन एक और पर्चा दाखिल किया। इसके पहले भी उनका पर्चा यहां दाखिल हो चुका था। आज 11.30 बजे गांधी चौक से पार्टी की नामांकन रैली निकली जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उत्साह से शामिल हुए। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल सहित अनेक बड़े नेता उनकी रैली में शामिल हुए। कलेक्टोरेट परिसर में साव ने डॉ. रमन सिंह, अमर अग्रवाल और धरमलाल कौशिक के साथ प्रवेश कर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय अलंग को अपना पर्चा सौंपा।


भाजपा का पर्चा दाखिला कल देर रात से शुरू हुए सांसद लखन लाल साहू के स्टिंग ऑपरेशन की चर्चाओं के बीच हुआ। इस बारे में मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया तो दी है, साथ ही साव ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि जो भी वीडियो है, कांग्रेस की साजिश से तैयार किया गया है और इसमें कोई सत्यता नहीं है। समय पर दूध का दूध, पानी का पानी हो जायेगा, प्रतीक्षा करिये। चुनाव के समय इस तरह के वीडियो पहले भी बनाये जाते रहे हैं।  भाजपा के समर्थन को इससे कोई असर नहीं होने वाला है। पूर्व मंत्री विधायक डॉ. कृष्ण मूर्ति बांधी, पुन्नूलाल मोहले, विधायक रजनीश सिंह सहित जिला एवं शहर भाजपा के पदाधिकारी इस नामांकन रैली में बड़ी संख्या में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here