Home अपडेट बीयर की खाली बोतल ने पहुंचाया हत्या के आरोपियों तक, महिला सहित...

बीयर की खाली बोतल ने पहुंचाया हत्या के आरोपियों तक, महिला सहित 3 गिरफ्तार

वैन चालक की हत्या के आरोपी पुलिस गिरफ्त में।

क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर मुख्य आरोपी ने बनाया पूरा प्लान

बिलासपुर। रायपुर रोड पर मिली वैन चालक की लाश के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला है।

चकरभाठा थाने के अंतर्गत होटल सेंट्रल प्वाइंट इंटरनेशनल के पीछे एक खेत में सरकंडा अटल आवास के 30 वर्षीय दीपक यादव की खून से लथपथ लाश मिली थी। वह स्कूलों में अपनी खुद की वैन चलाता था। लाश की एक कलाई काट ली गई थी और आंख भी नोची गई थी। घटनास्थल पर एक बीयर की बोतल मिली थी। पुलिस ने बीयर की बोतल का रजिस्ट्रेशन नंबर देखकर पता लगाया कि यह व्यापार विहार स्थित शराब दुकान से एक दिन पहले खरीदी गई है। दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे पर दो लोग बीयर खरीदते दिखे। इनकी पहचान दुर्गेश यादव और मनोज यादव के रूप में हो गई। पुलिस ने दोनों को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की तो हत्याकांड का पूरा भेद खुल गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि अटल आवास, सरकंडा की ललिता यादव के साथ आरोपी दुर्गेश यादव का प्रेम संबंध था। महिला अपने पति को छोड़कर अलग रहती थी। मृतक दीपक भी महिला से मिलने-जुलने जाता था, जो रिश्ते में उसका मौसेरा भाई भी था। आरोपी दुर्गेश कई बार दीपक को मना कर चुका था कि वह ललिता से नहीं मिले। इसे लेकर उनके बीच झगड़ा भी हो चुका था। ललिता के सामने ही झगड़ा कर वह उसे जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। दीपक के मेलजोल बंद नहीं करने से नाराज दुर्गेश ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। शुक्रवार की शाम को वह अपनी कंपनी की ब्रेजा कार से नूतन चौक पहुंचा। उसके साथ सह आरोपी क्रेन ड्राइवर दोस्त मनोज यादव  भी था। दोनों उसे शराब पीने के नाम से कार में लेकर व्यापार विहार पहुंचे। वहां से वे रायपुर रोड निकले। चकरभाठा में एक सूनी जगह पर उन्होंने शराब पी और दोनों आरोपियों दुर्गेश और मनोज ने धारदार पेचकस और घटनास्थल पर पड़े सीमेंट के पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को वहीं छोड़कर वे भाग गए। भागने के बाद दुर्गेश ने ललिता यादव को फोन करके बताया कि उसने दीपक को रास्ते से हटा दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के षड़यंत्र में दुर्गेश की प्रेमिका ललिता भी शामिल थी। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दुर्गेश ने यू ट्यूब पर क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर हत्या की योजना बनाई थी। हत्या के बाद किस तरह बचना है इसके लिए भी उसने सीरियल देखकर प्लान किया लेकिन बच नहीं पाया।

NO COMMENTS