मिनी बस्ती में बुलडोजर चलाने के विरोध में छजकां का विकास भवन के फर्श पर बैठकर विरोध प्रदर्शन

बिलासपुर नगर निगम अंतर्गत जरहाभाठा मिनी बस्ती में आज सुबह उस वक़्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम का अमला बुलडोज़र, जेसीबी लेकर लोगों के घर खाली करवाने मौके पर पहुंचा। मोहल्ले वासियों को बिना सूचना बिना नोटिस के जबरन घर से निकालने की बात होते ही लोगों मे डर और अनिश्चितता का वातावरण व्याप्त हो गया। स्थानीय निवासियों की सूचना पर देखते देखते झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गोपाल यादव सहित छजकां कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए। जनता कांग्रेस जोगी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते नगर-निगम के अधिकारी उल्टे पांव लौट गए।

कुछ ही देर में  मोहल्लेवासियों के साथ जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए नगर-निगम कार्यालय पहुंच गए। इस बीच आनन-फानन में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। विकास भवन के गेट को कार्यकर्ताओं ने बंद कर दिया और गेट के सामने फर्श पर ही लोग बैठ गए। वे आयुक्त, महापौर और मंत्री का नाम जोड़ते हुए रघुपति राघव राजाराम…भजन गाने लगे।

जनता कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री अमर अग्रवाल ने यह बयान देकर तालियां बटोरी थी कि गरीबों के मकान नहीं तोड़े जाएंगे, पर उनके नगर-निगम का अमला सुबह-सुबह बुलडोजर लेकर गरीबों की झोपड़ियां गिराने पहुंच रहे हैं। छजकां ने चेतावनी दी है कि इस घटना की पुनरावृत्ति न होने दें वरना आगे की परिस्थितियों के लिए महापौर और आयुक्त जिम्मेदार होंगे। आम जनता को बेघर कर स्मार्ट सिटी बनाने का भाजपा और नगर निगम के मंसूबे को हम सफल नहीं होने देंगे। जिला प्रवक्ता विक्रांत तिवारी ने कहा कि शहर की समस्याओं से लड़ने के लिए जोगी कांग्रेस आगे रहेगी।

उक्त घेराव की अगुवाई शहर  के लिए पार्टी के प्रत्याशी ब्रजेश साहू ने की। इसके अलावा विशंभर गुलहरे सैयद निहाल, निशांत तिवारी, आकाश चौबे सहित अनेक कार्यकर्ता वहां मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here