बूथ कार्यकर्ताओं से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- सामान्य बहुमत नहीं 65 प्लस लेकर आना है, ताकि 2019 में मोदी की सरकार फिर बने और कांग्रेस को समूल नष्ट कर सकें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज बिलासपुर में कांग्रेस नेतृत्व पर सीडी कांड को लेकर जोरदार हमला किया। शाह ने कहा कि राहुल बाबा बताएं कि क्या उनकी पार्टी गंदी सीडी बनाने वाले और पार्टी की टिकट बेच खाने वाले व्यक्ति के नेतृत्व में लड़ने जा रही है। छत्तीसगढ़ की मां-बेटियों को शर्मसार करने के लिए कांग्रेस को उनसे माफी मांगनी पड़ेगी।

बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज बिलासपुर संभाग के पांच बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चाम्पा और मुंगेली के 6653 बूथों के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन रखा गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल से जुड़े सीडी के दोनों मामलों में शाह ने सीधे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को घेर लिया।

शाह ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है न नीयत। उसके पास सिर्फ करप्शन है। भाजपा केवल विकास को लेकर जनता के पास नहीं जाती है बल्कि वह कांग्रेस की तुष्टीकरण और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की नीति के भी खिलाफ है। वोटों की राजनीति के लिए वह घुसपैठियों को संरक्षण देती है। जब हमने असम में 40 लाख घुसपैठियों की सूची बनाई तो कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संसद में हाय-तौबा मचाने लगे। लेकिन हम बताना चाहते हैं कि भाजपा देश के हर कोने से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेगी।

शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार अंगद के पांव की तरह जमी हुई है। रमन सिंह ने सत्ता संभालने के बाद कांग्रेस का गड्ढा भरा फिर विकास की रफ्तार पकड़ी। छत्तीसगढ़ के विकास के लिए एक इंजन रमन सिंह का तो देश के विकास के लिए दूसरा इंजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हमें आगामी चुनावों में भाजपा को जीत दिला कर तैयार करना है। पिछले तीन चुनावों में हम तीन चार सीटों से आगे रहकर छत्तीसगढ़ में सरकार बना रहे हैं लेकिन इस बार सामान्य बहुमत से काम नहीं चलेगा। हमें 65 सीटों पर जीत दर्ज करानी है और कांग्रेस को समूल नष्ट करना है। देश के अनेक राज्यों का नाम गिनाकर शाह ने कहा कि 11 करोड़ कार्यकर्ताओं के साथ आज हम दुनिया के सबसे अधिक सदस्य संख्या, सांसद, विधायक और 19 राज्य सरकारों वाली पार्टी हैं। देश के 70 फीसदी भाग में हमारी सरकार है। अब 2019 में मोदी की फिर से सरकार बनेगी, साथ ही पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल आदि में भाजपा की प्रचंड सुनामी चलेगी। केरल और तमिलनाडु में कार्यकर्ताओं के बलिदान का बदला लिया जाएगा।

रमन सिंह को भाजपा का सेनापति बताते हुए शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य जब बनाया तो यह एक बीमारू राज्य था।  कांग्रेस के हाथ में सत्ता रही तो सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य बिजली, सिंचाई का नाम लेने वाला नहीं था। नक्सल की तूती बोलती थी। आज छत्तीसगढ़ सबसे विकसित राज्यों की दौड़ में है। जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में कई गुना वृद्धि हुई है। आज इसी वजह से हम तीन बार छत्तीसगढ़ में सरकार बना चुके हैं और अब चौथी बार जंग के मैदान में हैं।

शाह ने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी की यूपीए सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ को यूपीए से 13वें वित्त आयोग में 48 हजार करोड़ रुपये ही मिले जबकि हमारी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में एक लाख 37 हजार करोड़ रुपये दिए। धान और बिजली का उत्पादन बढ़ा।

कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने  वे चार कारण गिनाए जिसके कारण भाजपा की फिर से सरकार छत्तीसगढ़ में बनेगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व पहला कारण, दूसरा कारण छत्तीसगढ़ सरकार के विकास कार्य, तीसरा, संगठन के लाखों समर्पित कार्यकर्ता और चौथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की एक नहीं दो-दो सीडी। एक में मंत्री का झूठा सीडी, दूसरा अपने ही संगठन को कठघरे में खड़ी करती सीडी। यह कांग्रेस का दिवालियापन है और चरित्र और नैतिकता के गिरावट का संकेत है कि उसके नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। वह आखिर किस मुंह से छत्तीसगढ़ की मां-बेटियों से वोट मांगने के लिए जाएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के स्वागत में उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी महासचिव डॉ. अनिल जैन, संगठन मंत्री सौदान सिंह, पार्टी महासचिव सरोज पांडेय, सांसद कमला देवी पाटले, लखन लाल साहू, बंशीलाल महतो, मंत्री पुन्नूलाल मोहले, अमर अग्रवाल, उत्तराखंड के मंत्री धन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here