‘कोटा में आजादी के बाद से चूकते रहे, इस बार कमल खिलाएं’

अटल विकास यात्रा में 131 करोड़ के 44 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेसियों को आज चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे विकास ढूंढने निकले हैं तो कोटा आकर देख लें और समझ लें कि विकास किसे कहते हैं। कांग्रेस आदिवासियों के मुंह पर कालिख पोतती है और सत्ता पाने के बाद आदिवासियों और किसानों को भूल जाती है। मुख्यमंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आजादी के बाद से आज तक कोटा से भाजपा को सफलता नहीं मिली, लोगों से भाजपा की जीत के लिए समर्थन मांगा।

अटल विकास यात्रा के तहत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज बिलासपुर जिले के कोटा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां शासकीय डीकेपी शाला मैदान में विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में सरकार चलाने के लिए सन् 2000 से 2003 तक मौका मिला था इसके पहले उसे 50 साल शासन का मौका मिला लेकिन वह सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा लगाती  रही। कोटा का गरीब मरता रहा, पलायन करता रहा। गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। हमने सड़कों का जाल बिछाया, कोई  मंजरा टोला नहीं जहां बिजली नहीं पहुंचाई, स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया, गरीबों को पक्के मकान दिए, किसानों का पूरा धान खरीद रहे हैं और इस बार से प्रति क्विंटल 2050 रुपए कीमत दे रहे हैं। कांग्रेस चिल्ला रही थी, 2100 रुपए दो, हम वादे के अनुरूप दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित जन समूह से तीन चार बार लगातार सवाल कर पूछा कि क्या कांग्रेस ने 50-60 साल में गरीबों को एक रुपए किलो में चावल दिया, दो चार हजार रुपए गरीबों के स्वास्थ्य पर खर्च किया, पक्का मकान और गैस सिलेन्डर दिया? जवाब नहीं में मिलने के बाद डॉ. सिंह ने कहा कि यह ताकत भाजपा में ही है वह गरीबों के लिए बनाई गई योजनाओं का क्रियान्वयन कर सके और विकास के नए रास्ते खोल सके। कांग्रेसी नारे लगाने के अलावा कुछ नही कर सकते।

कोटा और आसपास का इलाका आदिवासी बाहुल्य है। डॉ. सिंह ने अपने भाषण में इस बात का ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों और आदिवासियों के हित की बात करने के लिए नारे लगाती है। आदिवासियों के मुंह पर कालिख पोतने वाले कांग्रेसी सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि आदिवासियों  को कोटा क्षेत्र में 750 करोड़ रुपए तेंदूपत्ता का बोनस दिया गया है। हमने तेंदूपत्ता की खरीदी की दर 450 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए की है। बोनस की राशि एक माह के भीतर उनके खाते में जमा हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला, प्रमं आवास योजना, उजाला, सौर सुजला आदि योजनाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देन है वे देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में हम 11 लाख पक्के मकान बनाकर गरीबों को दे चुके हैं। सन् 2022 तक कोई आदमी ऐसा नहीं रहेगा, जिसका मकान कच्चा हो, हम सबको पक्के मकान दे देंगे।

उन्होंने अटल दृष्टि पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि हम किसानों की आय दुगनी करेंगे, प्रदेश की जीडीपी दुगनी करेंगे, सबके लिए घर और शिक्षा की व्यवस्था हो यह सुनिश्चित करेंगे। धान के अलावा मक्का, तिलहन, दलहन आदि की गांव-गांव में खरीदी की व्यवस्था समर्थन मूल्य पर करेंगे।

जब में इसे अटल विकास यात्रा कहता हूं तो कांग्रेस के मित्रों को तकलीफ होती है। जो कुछ छत्तीसगढ़ में विकास दिख रहा है वह छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी बाजपेयी की वजह से है। उनकी समृतियों को संयोये रखने के लिए अटल दूत गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे, अटल दृष्टि पत्र पर सुझाव लेंगे, साथ ही आपके घरों के तुलसी चौरा या पवित्र किसी भी जगह से थोड़ी सी मिट्टी अपने कलश में लेंगे। इसी मिट्टी से अटल जी का भव्य स्मारक अटल नगर, नया रापयुपर में बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सांसद लखन लाल साहू ने अपने भाषण में कहा कि आजादी के बाद से आज तक यहां से भाजपा को मौका नहीं मिला। मैं माता का आशीर्वाद लेकर दंतेवाड़ा से विकास यात्रा पर निकला था। हर बार मुझे माता का आशीर्वाद मिल जाता है, पर जनता जनार्दन का आशीर्वाद जब मिलता है तो यह विकास यात्रा, विश्वास यात्रा और तीर्थ यात्रा बन जाती है। हम कुछ वोटों से यहां जीत में पीछे रह जाते हैं, पर विकास में कोटा कभी पीछे नहीं रहेगा। आप लोगों का उत्साह देखकर समझ में आता है कि विकास को लेकर आप में ललक है। 2018 का चुनाव आने वाला है। अटल की 1980 में कही हुई बात आप लोगों के सामने दोहराता हूं, अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। कोटा के तालाब में बहुत कमल खिलता है, इस बार मजबूत सरकार बनाने के लिए आपका आशीर्वाद मिले।

कोटा के जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने कन्या महाविद्यालय के लिए नए भवन की तथा अगले सत्र से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम कोटा कॉलेज में खोलने की घोषणा की। नगर विकास सम्बन्धी अन्य मांगों के बारे में कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल इनकी स्वीकृति दे चुके हैं, जिनका क्रियान्वयन जल्द हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आज यहां 131 करोड़ रुपए के 44 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

इसके पहले कलेक्टर पी. दयानंद ने स्वागत भाषण देते हुए कोटा में हुए हो रहे विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। सांसद लखन लाल साहू ने भी सभा को सम्बोधित किया। आमसभा के प्रारंभ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद लखन लाल साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर किशोर राय, तखतपुर विधायक राजू सिंह क्षत्री, संभागायुक्त टीसी महावर, से प्रत्याशी रहे काशीनाथ साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष लखन पैकरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मुरारी लाल गुप्ता जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, अनेक भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कमिश्नर टीसी महावर, कलेक्टर पी. दयानंद, पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख, फरिहा आलम सिद्दिकी,  नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे आदि अधिकारी शामिल थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here