Home अपडेट 22 को जांजगीर में मोदी के सामने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन करेंगे-पुनिया

22 को जांजगीर में मोदी के सामने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन करेंगे-पुनिया

गुजराती समाज भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस महासचिव पी.एल.पुनिया।

मंत्री अमर अग्रवाल को बर्खास्त करें वरना सीएम और मंत्री का हर जगह विरोध

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा है कि कांग्रेस भवन में हुए लाठी चार्ज के विरोध में 22 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करने के लिए पूरे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता जांजगीर-चाम्पा पहुंचेंगे। इसी तरह जब तक अमर अग्रवाल को मंत्री पद से हटाया नहीं जाता, उनका और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का हर जगह विरोध किया जाएगा।

कांग्रेस भवन में गुरुवार की सुबह दो घंटे चली प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद पुनिया ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही। पुनिया ने कहा कि देश के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी राजनैतिक दल के दफ्तर में शांतिपूर्वक बैठे कार्यकर्ताओं को खींच-खींचकर निकाला गया और उन पर लाठियां बरसाई गई। इसके बावजूद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह लाठी चलाने का आदेश देने वाले मंत्री और पुलिस अधिकारियों का बचाव कर रही है। पुनिया ने मांग की कि दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। इस मामले में मुख्यमंत्री ने दंडाधिकारी जांच की जो घोषणा की है वह लीपा-पोती का प्रयास है। दंडाधिकारी जांच रिपोर्ट तो एस पी कलेक्टर टेबल पर बैठकर तैयार कर लेते हैं। न्यायिक जांच से कम जांच हमें मंजूर नहीं है।

क्या मंत्री के घर पर कचरा फेंका जाना सही था, पूछे जाने पर पुनिया ने कहा कि मंत्री के मुंह से कांग्रेसियों के बारे में बार-बार कचरा ही निकलता है। जब उन्हें कचरे से इतना ही प्रेम है तो कुछ कचरा उनके घर में फेंक भी दिया गया तो इसमें गलत क्या है?

इसके पहले कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर के करीब 300 कार्यकर्ता पहुंचे थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस मुद्दे को वे बूथ स्तर तक ले जाएं और भाजपा की कलई खोलें। यहां सरकार की हिटलरशाही का कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और सरकार को हटाने का संकल्प लिया। लाठी चार्ज को लेकर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महन्त, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, पूर्व सांसद करुणा शुक्ला, विधायक चुन्नीलाल साहू, दिलीप लहरिया, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे पूर्व सांसद करुणा शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रवक्ता शैलेष पांडेय, अभय नारायण राय सहित दर्जनों नेता कार्यकर्ता पहुंचे थे।

पुनिया ने आज सिविल लाइन थाने के पास बेमियादी धरना दे रहे कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, साथ ही लाठी चार्ज से घायल सिम्स में इलाज करा रहे अकबर अली और विष्णु यादव से मुलाकात की।

 

 

 

NO COMMENTS