जेल भरो आंदोलन से सरकार किसी दबाव में नहीं

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कहना है कि अश्लील सीडी कांड में संलिप्तता को देखते हुए कांग्रेस को चाहिए कि वह अपने प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल से इस्तीफा ले लें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का कहना है कि केवल राजनीतिक एजेंडा के लिए बघेल ने जमानत नहीं ली और इसे भाजपा के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश की गई।

अटल विकास यात्रा के तहत बेलतरा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भूपेश बघेल के जेल जाने से कांग्रेस को कोई राजनीतिक लाभ नहीं होने वाला। वे किसानों, युवाओं, छात्रों, गरीबों, धान बोनस के लिए आंदोलन करते हुए जेल जाएं, किसी राष्ट्रहित के मुद्दे पर जेल जाएं तो बात समझ में आती है। कोई अश्लील सीडी दिखाने के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जाएगा तो उनसे कोई सहानुभूति नहीं मिली। दस दिन जेल जाएं, 15 दिन जेल जाएं किसी को क्या फर्क पड़ता है। डॉ. सिंह ने कहा-“भैया, सीडी दिखाई है, सीडी-किसी को बदनाम मत करो। छत्तीसगढ़ की महतारी, महिलाएं और ढाई करोड़ लोग उनके इस कृत्य से शर्मसार हैं। ऐसी सीडी वे दिखा रहे हैं, जिसे कोई देख नहीं सकता।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीडी बांटकर बघेल ने क्या बड़ा काम कर दिया। क्यों वे अपने को गांधीवादी, नेहरूवादी पार्टी होने की बात करके उन्हें बदनाम करते हैं। जो व्यक्ति छत्तीसगढ़ की जनता को अपमानित कर रहा है उसको अपनी पार्टी का अध्यक्ष पद संभालने का क्या अधिकार है? उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। तत्काल अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

क्या आप कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र आदि लिखकर बघेल को पद से हटाने की मांग करेंगे? पूछे जाने पर हम क्यों हटाने की मांग करेंगे, जनता उन्हें खुद हटा देगी। भाजपा से जुड़े रहे कैलाश मुरारका जिसे इस सीडी कांड में आरोपी बनाया गया है, पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई फरार नहीं रहेगा, सीबीआई सबको धर लेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जेल भरो आंदोलन से सरकार किसी दबाव में नहीं है। जनता सीडी दिखाने के लिए जेल जाएगी क्या?

जोगी कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के बीच हुए गठबंधन पर कोटमी की सभा के बाद आज फिर मुख्यमंत्री ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि नांगर ल बइला हा जोतथे या भइसा हा जोतथे, हाथी हर तो खेत घर सब ला रऊंद डारही। आशय यह कि वे इस गठबंधन को बेमेल बता रहे थे। पेट्रोल डीजल के रेट लगातार बढ़ रहे होने पर किए गए सवाल का मुख्यमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया।

भाजपा को बदनाम करने का षड़यंत्र-कौशिक

इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि भूपेश बघेल ने भाजपा को बदनाम करने के लिए जमानत नहीं ली। जब सीबीआई ने उन्हें आरोपी बनाया है तो जमानत लेना चाहिए लेकिन खास राजनीतिक एजेंडा के तहत उन्होंने जमानत आवेदन प्रस्तुत नहीं किया। इसे कांग्रेस राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहती है। यही कांग्रेस की संस्कृति है।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here