Home अपडेट वाणी राव व संध्या तिवारी के खिलाफ महिला कांग्रेस नेत्रियों ने मोर्चा...

वाणी राव व संध्या तिवारी के खिलाफ महिला कांग्रेस नेत्रियों ने मोर्चा खोला, सौंपा इस्तीफा

नई प्रदेश कार्यकारिणी में इन्हें महासचिव और सचिव पद दिया गया है….

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस से कांग्रेस में वापस लौटीं पूर्व महापौर वाणी राव को प्रदेश महामंत्री का पद दिए जाने से शहर की महिला कांग्रेस नेत्रियों में नाराजगी फूट पड़ी है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दिया है।

वाणी राव

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बीते शनिवार को एक नई जम्बो कार्यकारिणी घोषित की थी, जिसमें पूर्व महापौर वाणी राव को महामंत्री का पद दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री  अजीत जोगी द्वारा छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस गठित करने के कुछ समय बाद राव कांग्रेस छोड़कर उनकी पार्टी में शामिल हो गईं, लेकिन जल्द ही वहां से उनका मोहभंग हो गया और वे वापस कांग्रेस में लौट गईं। महिला कांग्रेस नेत्रियों का कहना है कि वह एक बार पहले भी कांग्रेस से विश्वासघात कर तिवारी कांग्रेस में चली गई थीं। इन महिला नेत्रियों की नाराजगी संध्या तिवारी को प्रदेश सचिव बनाए जाने से भी है। तिवारी को वाणी राव का समर्थक माना जाता है।

महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कांता सिन्हा, अलका शर्मा, आमना कान, सावित्री जायसवाल, शांति उपाध्याय, निरजा द्विवेदी आदि ने इस्तीफा देते हुए कहा कि पार्टी के दो तीन दशक से निष्ठा रखकर काम करने वालों की इस कार्यकारिणी में उपेक्षा की गई है और दल बदलने वालों को महत्वपूर्ण पद दे दिए गए हैं। इससे वे और उनके जैसे सैकड़ों कार्यकर्ता खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उपेक्षित किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी व शहर जिला अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर ने महिला कांग्रेस नेत्रियों के इस्तीफे का पत्र मिलने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को महिला कांग्रेस नेत्रियों की भावनाओं से अवगत कराया जाएगा और हम सब मिल-जुलकर पार्टी के लिए काम करेंगे।

महिला कांग्रेस नेत्रियों ने इस्तीफे की प्रति प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, प्रभारी महासचिव पी. एल. पुनिया और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत सहित कई अन्य नेताओं को भेजी है।

NO COMMENTS