राष्ट्रप्रेम और सेनानियों के प्रति आदर भाव जागृत होगा-अमर

गांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर अरपा नदी के किनारे रिवर व्यू पर 51 मीटर ऊंचा तिरंगा झंडा फहराया गया। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत के विशेष आतिथ्य में नगरीय प्रशासन मंत्री व शहर विधायक अमर अग्रवाल ने इस तिरंगे को फहराया।

इस मौके पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि तिरंगे को देखकर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति आदर व राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है। इसलिए इसे शहर के ह्रदय स्थल में स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। महात्मा गांधी की जयंती पर स्थापित यह तिरंगा शहर का गौरव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उनके विचार व सपनों को साकार करने का संकल्प लिया है। प्रदेश में इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने खादी ग्रामोउद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित गांधी जी की पुस्तक व अन्य संग्रह से संबंधित म्यूजियम का शुभारंभ कर किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी जी की 150वीं जयंती पर देश को खुले में शौच मुक्त करने का भी संकल्प लिया । प्रदेश को लक्ष्य के एक साल पूर्व ही महात्मा गांधी जी की जयंती पर ही पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त कर दिया गया है। अग्रवाल ने कहा कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कचरे के निबटान को लेकर कई राज्यों के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अंबिकापुर मॉडल एक मिसाल बन चुका है, जिसकी एनजीटी ने प्रशंसा करते हुए इसे अपनाने की सलाह देश के सभी राज्यों को दी है। कचरे का 90 प्रतिशत विधिवत वैज्ञानिक तरीके से निबटान करने वाला यदि कोई राज्य है तो हमारा राज्य है। प्रदेश में सभी नगरीय निकाय में मिशन क्लीन सिटी के तहत कचरे का विधिवत निबटान हो रहा है और इस कार्य में लगी महिलाएं भी लाभ कमा रही है। बिलासपुर में कचरे का विधिवत निबटान के लिए कछार में आरडीएफ प्लांट शुरू हो गया है। इसी तरह रायपुर, दुर्ग व भिलाई में भी प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि सन् 2022 तक सबके लिए घर योजना के तहत बिलासपुर शहर में एक हजार मकान बन रहे हैं, 20 हजार और मकान बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। इससे पूर्व निगम कमिश्नर सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि कार्यादेश जारी होने के एक माह के भीतर ही यह 51 मीटर ऊंचा तिरंगा झंडा बनकर तैयार है। इसके लिए निगम की पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है। झंडा को स्थापित करने के दौरान इसके फाउंडेशन पर बहुत ज्यादा कार्य किया गया है। इसके लिए आर्मी वालों से भी बात की गई। इसी तरह आज निगम क्षेत्र में 900 आबादी पट्टे का वितरण किया जा रहा है, जो गांधी जयंती पर्व को और खास बनाता है। कार्यक्रम में मेयर किशोर राय, सभापति श्री अशोक विधानी, जनकार्य प्रभारी उमेशचंद्र कुमार, एमआईसी सदस्य श्याम साहू एल्डरमेन, मनीष अग्रवाल, प्रवीण दुबे, एल्डरमेन महेश चंद्रिकापुरे, अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

तिरंगा झंडा विशेष प्रकार के चमकीले पैराशूट कपड़े से बना है, जिसकी लंबाई व चौड़ाई 36 और लम्बाई 54 फीट है। झंडा टावर के अंदर विशेष मोटर स्थापित किया गया है, जिसपर लगे रस्से से ही तिरंगा झंडा ऊंचा रहने के साथ हवा में लहराएगा। यह पूर्ण रूप से विद्युतीकरण पर आधारित है जिससे बटन दबाकर नीचे उतारने के साथ फहराया जा सकेगा।

कार्यक्रम में निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत इंटर स्कूल चित्रकला, निबंध व मॉडल स्पर्धा और कचरा महोत्सव में उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मंत्री अग्रवाल ने नगद राशि व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here