समूह गीत में डीपीएस व एकल में बिलासा की नेत्रहीन छात्रा को प्रथम पुरस्कार

डीएसपी बनीं संगीत विशारद गीतिका साहू का सम्मान

बिलासपुर। शहर की गोल्डन बेल म्यूजिकल बैंड ने गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ के एक दिन पहले शहर के छात्राओं और युवाओं के बीच एकल और सामूहिक गीतों की प्रतियोगिता रखी। इसमें विशेष स्कूल के बच्चे भी सामान्य बच्चों के साथ प्रतिभागी रहे और सभी 200 प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि सांसद लखन लाल साहू ने इस मौके पर कहा कि नई पीढ़ी में देशभक्ति का जोश जगाने का सबसे असरदार तरीका संगीत है। देशभक्ति गीतों की बदौलत ही अंग्रेजों के खिलाफ देशवासियों का खून खौला करता था। संगीत विशारद छात्रा गीतिका साहू को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया जो हाल ही में उप-पुलिस-अधीक्षक के रूप में चयनित हुई हैं।

बीते 10 वर्षों से भक्ति संगीत, देशभक्ति और प्रेरक गीतों का मंचन करने वाली म्यूजिक बैंड, गोल्डन बेल की ओर से आज सुबह शहर की शालाओं और युवाओं के बीच देशभक्ति गीतों की प्रतियोगिता, जन गण धुन, एकल और सामूहिक वर्ग में रखी गई थी। कार्यक्रम बिलासपुर पर केन्द्रित वेब पोर्टल बिलासपुर लाइव की पहल से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद लखन लाल साहू ने किया। उन्होंने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम आजादी का पर्व क्यों मनाते हैं, गणतंत्र दिवस क्यों जरूरी है यह नई पीढ़ी को बताने का सबसे अच्छा माध्यम है। यह सिलसिला हमारे शहर में शुरू हुआ है तो आगे चलते रहना चाहिए। आजादी का जुनून पैदा करने में गीत-संगीत की बड़ी असरदार भूमिका रही है। यही बात हमारे स्कूल और कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों और युवाओं को अब भी प्रभावित करती है।

छह घंटे तक चले इस आयोजन में शहर के करीब एक दर्जन स्कूलों के 200 से अधिक छात्र छात्राओं ने भाग लिया। तीन वर्गों की इस प्रतियोगिता में बिलासपुर गर्ल्स कॉलेज की छात्राएं भी प्रतिभागी रहीं।

उल्लेखनीय यह रहा कि विकास नगर और तिफरा स्थित नेत्रहीन विद्यालयों की छात्र-छात्राओं ने भी इसमें भाग लिया और सामान्य बच्चों के साथ ही स्पर्धा की और उन्हें सफलता भी मिली।  14 वर्ष तक एकल देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में नेत्रहीन टिकेश्वरी ने सामान्य वर्ग के बच्चों को पीछे करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वह विकास नगर स्थित नेत्रहीन विद्यालय की छात्रा हैं। द्वितीय स्थान सेंट जेवियर्स स्कूल के विकास गोस्वामी ने प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर सेंट फ्रांसिस स्कूल की शौर्या तिवारी रहीं। 18 वर्ष तक के आयु समूह में सेंट जेवियर्स स्कूली की सचिता श्रीवास्तव प्रथम रहीं। दूसरे स्थान पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के देवतोष श्रीवास्तव रहे। तृतीय स्थान पर सेंट फ्रांसिस स्कूल के देवातय रहे। इससे अधिक उम्र वर्ग की स्पर्धा मे बिलासा गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने एकल वर्ग में भाग लिया, जिसमें सुखविन्दर सिंह ने प्रथम स्थान और लक्ष्मी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लक्ष्मी नेत्रहीन छात्रा हैं।

समूह गान प्रतियोगिता एक ही वर्ग में रखी गई जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पहला स्थान अर्जित किया, दूसरा स्थान सेंट जेवियर्स और तीसरा ब्रिलियेंट पब्लिक स्कूल बिजौर को मिला।

इस आयोजन को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह था और लगातार 6 घंटे तक राघवेन्द्र राव सभा भवन में श्रोता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी फिल्म निर्माता जेठू साहू ने उपस्थित होकर घोषणा की वे श्रेष्ठ गायकों को अपनी आगामी फिल्मों में जगह देंगे। बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष तिलकराज सलूजा ने कहा कि यह आयोजन पत्रकारों के सामाजिक सरोकार को प्रदर्शित करता है।

इस मौके पर संगीत विशारद गीतिका साहू को सम्मानित किया गया। वे राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा के बाद उप पुलिस अधीक्षक के रूप में चयनित की गई हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित दर्शक नेत्रहीन विद्यालयों के दो दर्जन से अधिक बच्चों की गर्मजोशी से द्रवित हो उठे और इसकी खूब सराहना की। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने इन नेत्रहीन छात्र-छात्राओं के प्रशिक्षण के लिए उपकरण देने की घोषणा की। संगीत साधक गिरीश त्रिवेदी और विवेक जोगलेकर ने प्रत्येक नेत्रहीन प्रतिभागी के लिए विशेष उपहार दिये। कार्यक्रम के संचालन के लिए कोरबा से विशेष रूप से रविन्द्र साहू पहुंचे थे जो बीते दस वर्षों से राष्ट्रीय समारोहों में कोरबा के कार्यक्रमों का संचालन करते हैं।

बिलासपुर लाइव वेब पोर्टल के एडिटर राजेश अग्रवाल ने कहा कि नई प्रतिभाओं को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। गोल्डन बेल म्यूजिकल बैंड के चेयर मेन परमवीर मरहास ने कहा कि इन युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए हम उन्हें मंच उपलब्ध कराते रहेंगे।

कार्यक्रम में पार्षद अखिलेश चंद्र बाजपेयी, शैलेन्द्र जायसवाल व स्कूल कॉलेजों के प्राचार्य तथा संगीत शिक्षक व संगीत प्रेमी उपस्थित थे।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here