Home अपडेट सरकार है तो सुर्खियों में बने रहना चाहिये, गुटबाजी तो हर पार्टी...

सरकार है तो सुर्खियों में बने रहना चाहिये, गुटबाजी तो हर पार्टी में है- जयसिंह

बिलासपुर। जिले के प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह जिला मेरे लिए कोई नया जिला नहीं है। मैं अविभाजित बिलासपुर का ही रहने वाला हूं। यहां के एक-एक कार्यकर्ता  हमारे साथी हैं। सबके साथ मिलकर जिले में विकास की गति बढ़ाएंगे।

मंत्री जयसिंह ने ढाई साल में दो प्रभारी बदले के सवाल पर कहा कि प्रभारी मंत्री बनाने का निर्णय मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है। पिछले प्रभारियों ने भी बेहतर काम किया है, हम भी करेंगे।

एक सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि अभी कांग्रेस चुनाव की तैयारी नहीं कर रही है। प्रभारी बनने के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों के निर्देश पर ये सम्मेलन का आयोजन हुआ है। अब शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र पार्टी और संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। हमारे विधायक और महापौर लगातार बेहतर काम कर रहें है।

प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल से हाल ही में कांग्रेस पदाधिकारियों के निलम्बन और उनके द्वारा किये अभद्र व्यवहार के बारे में सवाल किया गया। अग्रवाल ने कहा कि  इन मामलों में केवल कांग्रेसी ही नहीं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी सुर्खियों पर हैं। हमारे ऊपर भी आरोप लगते रहते हैं। कांग्रेस की सरकार है, तो कांग्रेसियों को सुर्खियों में बने ही रहना चाहिए। हालांकि उन्होंने माना कि मकान दुकान खाली कराने में हाथ डालना गलत है। किसी का जबरन मकान दुकान खाली नहीं कराना चाहिए। इस पर जांच और कार्रवाई होगी। उन्होंने गुटबाजी के सवाल पर कहा कि यह पार्टियों में रहती है। विकास कार्य में सबका साथ होना चाहिए।

प्रभारी मंत्री बनाने के बाद बिलासपुर जिले के जनता की समस्याओं को किस तरह दूर करेंगे इस सवाल पर मंत्री जयसिंह ने कहा कि मेरे प्रभार में तीन जिले हैं। सभी जिलों के लिए अलग-अगल प्रतिनिधि नियुक्त करेंगे। इससे संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं। वे इनका निवारण कराएंगे। रायपुर के मेरे निवास में अलग से कार्यालय भी होगा जहां पहुंचने पर शिकायतों का समाधान किया जाएगा। रायपुर और कोबरा के बीच में बिलासपुर जिला है। तो आते जाते यहां रुकूंगा और  हुए और अधिकारियों की बैठक लेते रहूंगा।

सम्मान समारोह में कहा- विकास कांग्रेस के दौरान ही हुआ

जिले के प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार कांग्रेस भवन पहुंचे जयसिंह अग्रवाल का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।

अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में जब भी कांग्रेस सरकार रही है बिलासपुर जिले का सर्वाधिक विकास हुआ है। अभी इसी के चलते जिले का तेजी से विकास हो रहा है। पिछली भाजपा सरकार में विकास कार्य रुक गए थे लेकिन कांग्रेस के आते ही वे फिर से शुरू हो गए हैं। शहर में स्मार्ट सिटी, अरपा एनीकट जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं। आने वाले ढाई साल के दौरानि विकास में और तेजी आएगी। अग्रवाल ने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के समय कांग्रेस का बिलासपुर जिले में दबदबा रहा करता था। 19 विधानसभाओं में से 13 सीटें कांग्रेस की झोली में आती रही हैं लेकिन बाद में इसमें कुछ कमी आई। हम सब कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस कमी को दूर करेंगे।

अग्रवाल ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के 15 साल में भाजपा ने अपने वायदों को पूरा करने में सफल रही। वहीं कांग्रेस अपने घोषणापत्र की 70 फ़ीसदी वादों को पूरी कर चुकी है। अभी ढाई साल बचे हैं। कर्ज माफी, बिजली बिल हाफ और ढाई हजार रुपये समर्थन में जैसे महत्वपूर्ण वादे पूरे किए जा चुके हैं। अभी ढाई साल बचे हैं शेष वादे भी पूरे किए जाएंगे।

NO COMMENTS