कांग्रेस से शैलेष पांडेय का नाम सबसे ऊपर चल रहा, डॉ.रेणु जोगी के लिए जनता कांग्रेस ने खरीद रखा है फॉर्म

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार की शाम छत्तीसगढ़ की 11 सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसमें कोटा विधानसभा क्षेत्र से पिछली बार चुनाव लड़ने वाले काशीराम साहू का नाम आया है। भाजपा की इस पहल के बाद अब जल्द ही कांग्रेस और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा यहां से हो सकती है।

इसके साथ ही भाजपा ने जिले की सभी सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने बिल्हा, बिलासपुर और कोटा की टिकटें अब तक तय नहीं की है। भाजपा ने केवल कोटा सीट रोक रखी थी। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने भी इसी सीट पर घोषणा रोक रखी है। कोटा सीट को लेकर अनेक तरह की चर्चाएं चलती रहीं। मसलन, सांसद लखन लाल साहू को वहां से लड़ाया जा सकता है। कांग्रेस विधायक डॉ. रेणु जोगी को तो इस अफवाह का खंडन भी करना पड़ा कि वे कांग्रेस की उपेक्षा के चलते भाजपा की ओर जा सकती हैं।

भाजपा के सूत्रों के मुताबिक पिछला चुनाव कांशीराम साहू हार जरूर गए थे, पर उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। डॉ. जोगी के 58390 वोटों के मुकाबले उन्होंने 53301 वोट हासिल किए। बीते पांच सालों में काशीराम की तैयारी अच्छी रही है। इस बार जोगी कांग्रेस के भी मैदान में है, जिससे कांग्रेस के वोट कटेंगे और उनकी जीत की संभावना बढ़ेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान उन विधानसभा क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस करने का निर्देश प्रदेश के नेताओं को दिया था, जहां से भाजपा कभी नहीं जीती। कोटा विधानसभा क्षेत्र भी ऐसी ही सीट है।

चूंकि बिलासपुर जिले में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, आगामी एक से दो दिन के भीतर कांग्रेस को भी अपने पत्ते खोलने होंगे। कांग्रेस में इस समय शैलेष पांडेय का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। दो दिन पहले डॉ. रेणु जोगी के लिए जनता कांग्रेस की ओर से नामांकन पत्र खरीदा जा चुका है। ऐसी स्थिति में कोटा चुनाव में एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here