प्रदेशभर के कलेक्टरों को मुख्यमंत्री और केबिनेट मंत्रियों ने दिया निर्देश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शपथ ग्रहण के बाद पहली बार राजधानी रायपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों से असमय हुई बारिश के कारण फसल को हुए नुकसान की समीक्षा की। इसमें में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री टी.एस. सिंहदेव एवं ताम्रध्वज साहू भी शामिल हुए। बघेल ने बिलासपुर सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को इस बेमौसम बारिश से खराब हुई फसल का आकलन कर एक सप्ताह के भीतर प्रभावित किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रभावित किसानों को यह राशि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। जिले से वीडियो कांफ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक प्रदीप गुप्ता, कलेक्टर पी. दयानंद और पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख  उपस्थित थे।

इसके अलावा बघेल ने जन घोषणा पत्र में किसानों के अल्पकालिक कृषि ऋण माफी की घोषणा को तत्काल अमल में लाने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिया। उन्होंने अपने-अपने जिलों में ऋण माफी के लिए पात्र किसानों की संख्या और माफ किए जाने वाले ऋण की राशि की जानकारी तैयार करने और ऋण माफी की प्रक्रिया शुरू करने कहा। मुख्यमंत्री ने वन अधिकार पट्टों के वितरण के बारे में भी जिला कलेक्टरों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2005 के पहले वन भूमि पर काबिज सभी आदिवासी एवं गैर आदिवासी ऐसे हितग्राही जिनकी तीन पीढ़ियां उस स्थान पर रह रही हों या 75 साल से वे निवासरत हों, सभी को वन अधिकार पट्टा दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने वन अधिकार पट्टों के व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों प्रकार के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने का निर्देश भी कलेक्टरों को दिया। उन्होंने इस दौरान धान खरीदी की भी जानकारी कलेक्टरों से ली। बघेल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों से जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में भी पूछा।

.सिंहदेव ने विभिन्न सामाजिक सहायता पेंशनों के लंबित प्रकरणों की जानकारी कलेक्टरों से मांगी। उन्होंने सभी प्रकार की मदों से स्वीकृत किए गये विकास कार्यों के बारे में भी कलेक्टरों से जानकारी ली। सिंचाई, सड़कों और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर भी सिंहदेव ने कलेक्टरों से पूछा। उन्होंने नामांतरण, बटवारा, सीमांकन जैसे सरल राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जिला कलेक्टरों से शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के संचालन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को भी सभी कलेक्टरों से पूछा। साहू ने अवैध कटाई रोकने के साथ-साथ पूर्व में किये गये वृक्षारोपण की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी सभी जिला अधिकारियों से चाही। पुराने बांधों और नहरों की सिंचाई क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ नई सिंचाई परियोजनाओं की संभावनाओं के बारे में भी मंत्री साहू ने कलेक्टरों से मत लिया।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here