बिलासपुर सीट पर अब कांग्रेस-भाजपा में सीधी टक्कर होगी ?

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के नेता विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिसमें उनके कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही है। बिलासपुर से चुनाव लड़ने को लेकर भी उन्होंने अनिच्छा जताई है और कहा कि अब इसके लिए देर हो चुकी है। दोनों मामलों में उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख अजीत जोगी जो कहेंगे वे वही करेंगे।

WWW.BILASPURLIVE.COM  से चर्चा करते हुए विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रवेश की चल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इस बारे में उनकी किसी से कोई चर्चा नहीं हुई है। मीडिया में यह ख़बर कैसे चल रही है, उन्हें नहीं मालूम। इस बारे में किसी ने मुझसे कोई बात नहीं की है। किसी ने मीडिया को गलत सूचना दे दी होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी से उनकी कोई मुलाकात कभी नहीं हुई है। वे न ही प्रदेश के कांग्रेस नेताओं से सम्पर्क में हैं। उनसे सत्र के दौरान विधानसभा में ही भेंट हुई थी। उन्होंने कहा कि होली पर्व के दौरान बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी से उनकी थोड़ी-थोड़ी देर के लिए सार्वजनिक रूप से सौजन्य मुलाकात जरूर हुई थी। उन्होंने पार्टी छोड़ने के बारे में दूर-दूर तक विचार नहीं किया है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रमुख अजीत जोगी ही किसी भी प्रकार का निर्णय लेने में सक्षम है, वे जैसा कहेंगे, वही करेंगे। विधायक धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर से चुनाव लड़ने के बारे में भी यही बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकसभा के क्षेत्रफल को देखते हुए प्रत्याशी की घोषणा पहले हो जानी थी। अब सभी इलाकों में मतदाताओं, कार्यकर्ताओं से सम्पर्क के लिए समय बहुत कम बचा है। जोगी जी से इस बारे में अब तक उन्हें कोई निर्देश नहीं मिला है।

मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के लिए अपने अनेक प्रत्याशियों की घोषणा चुनाव से करीब एक साल पहले घोषित कर देने वाली छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने प्रदेश की किसी भी सीट के लिए अपना उम्मीदवार अब तक घोषित नहीं किया है। हालांकि पार्टी प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कुछ दिन पहले कोरबा प्रवास किया था और कहा था कि उनका यहां आने का उद्देश्य चुनाव लड़ना है। पर उनके नाम की घोषणा भी अब तक अधिकारिक रूप से नहीं की गई है। कोरबा के अलावा बिलासपुर जिले में भी छजकां-बसपा गठबंधन का प्रदर्शन अच्छा रहा है। यहां से पार्टी के दो विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर व डॉ. रेणु जोगी हैं। लोकसभा चुनाव की घोषणा के समय से ही बिलासपुर से धर्मजीत सिंह ठाकुर के चुनाव लड़ने की चर्चा चल निकली थी, लेकिन बीते एक सप्ताह से उनके कांग्रेस प्रवेश की बात उठने लगी थी। इस बारे में अब धर्मजीत सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है।

शुक्रवार को कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी और जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे के बयान से इस संभावना को और बल मिला था। चौबे ने कहा था कि उनके लोग महसूस कर रहे हैं कि जनमत कांग्रेस के साथ है। वे सही रास्ते पर आने की बुद्धिमानी प्रदर्शित कर सकते हैं। मालूम हो कि जिले के चार हारे हुए छजकां प्रत्याशी सियाराम कौशिक- बिल्हा, संतोष कौशिक-तखतुपर, चंद्रभान बारमते-मुंगेली और ब्रजेश साहू- बिलासपुर कांग्रेस में वापस आ चुके हैं। छजकां द्वारा प्रत्याशियों की अब तक घोषणा नहीं होने के कारण भी इस आशंका को बल मिलता गया कि कुछ अन्य नेता उनकी तरह कांग्रेस में वापस आ सकते हैं।

ज्ञात हो कि बिलासपुर संसदीय सीट के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। बहुजन समाज पार्टी ने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस को संदेश दे दिया है कि वह एक अप्रैल से पहले बिलासपुर, रायपुर और कोरबा के बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करे, अन्यथा उनकी पार्टी इन स्थानों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। बिलासपुर में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह यहां से त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति पैदा करेगी, पर बहुजन समाज पार्टी को पिछले चुनावों में मिले वोटों से यह स्थिति नहीं बनी थी। बसपा यदि बिलासपुर सहित बची हुई अन्य सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करती है तो जोगी कांग्रेस का उन्हें समर्थन मिलेगा या नहीं अभी यह स्पष्ट नहीं है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here