Home अपडेट 34 महीने से फरार हत्या के आरोपी  NSUI नेता ने कोर्ट में...

34 महीने से फरार हत्या के आरोपी  NSUI नेता ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

वसीम खान, हत्या का आरोपी एनएसयूआई नेता।

वीआईपी दौरे के दिन हुई थी घटना, इनाम घोषित कर पुलिस बचाने में लगी रही

बिलासपुर। दिनदहाड़े नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी एनएसयूआई नेता वसीम खान ने 2 साल तीन महीने की फरारी के बाद जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। सिविल लाइन पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।
मालूम हो कि 25 फरवरी 2021 को भूपेश बघेल बिलासपुर के दौरे पर थे। इसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे तालापारा स्थित समता गार्डन में 20-25 लड़कों ने नाबालिग नवीन महादेव पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। बीच बचाव करने के लिए पहुंचे नवीन के दोस्त उदय चक्रवर्ती को भी उन्होंने गंभीर रूप से जख्मी किया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने नवीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया लेकिन तत्कालीन एनएसयूआई प्रदेश सचिव वसीम खान का नाम शामिल नहीं किया। इधऱ अपने मजिस्ट्रियल बयान में उदय चक्रवर्ती ने बताया था कि वसीम खान घटनास्थल के पास ही मौजूद था और उसी ने ही नवीन की हत्या कराई है। मृतक नवीन के परिजनों और दोस्तों में पुलिस के रवैये को लेकर भारी रोष था। आखिरकार पुलिस ने घटना से पहले वसीम खान के कॉल डिटेल्स, पकड़े गए आरोपियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे मुख्य आरोपी बनाया। पुलिस के अपराध दर्ज करने से पहले ही वसीम खान फरार हो गया था। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया। पुलिस 34 महीने तक नहीं ढूंढ पाई। सरकार बदलने के बाद ही परिस्थितियों बदली और आरोपी वसीम ने जिला कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सिविल लाइन पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है और घटना के संबंध में उसे पूछताछ की जा रही है।

NO COMMENTS