Home अपडेट अवैध सम्बन्ध व पुरानी रजिंश को लेकर युवक की हत्या, आरोपी ने...

अवैध सम्बन्ध व पुरानी रजिंश को लेकर युवक की हत्या, आरोपी ने आत्मसमर्पण किया

घटनास्थल पर मृतक कैलाश का रक्तरंजित शव।

घटना में और लोगों के भी शामिल होने की आशंका, पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही

तखतपुर (टेकचंद कारडा)। मुंगेली जिले में जमानत पर रिहा आरोपी की पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने खुद जाकर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के लालपुर थाने के ग्राम हरनाचाका में बीती रात करीब 10 बजे सामुदायिक भवन में सो रहे कैलाश ठाकुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात को इतने जघन्य तरीके से अंजाम दिया गया कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया। हत्या के बाद खोरबहरा उर्फ मेहतरू ठाकुर ने लालपुर थाने में जाकर बताया कि उसने कैलाश की हत्या कर दी है। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया। उससे हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

एसडीओपी कादिर खान से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक कैलाश का हत्या के आरोपी खोरबहरा के भाई के साथ दो साल पहले विवाद हुआ था, जिसे लेकर कैलाश के खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। वह डेढ़ साल जेल में रहने के बाद डेढ़ माह पहले जमानत पर छूटकर गांव आया था। उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है। इसके चलते वह अकेले सामुदायिक भवन में रहता था। बीती रात करीब 10 बजे उसकी हत्या की गई है।

मृतक कैलाश के भाई बलदेव ठाकुर का आरोप है कि हत्या में अकेले आरोपी खोरबहरा नहीं था बल्कि कुछ और लोग भी उसके साथ हैं। इसमें एक महिला का भी हाथ है। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट आदि लेकर गहराई से पुलिस को जांच करनी चाहिये। मृतक के ऊपर हत्या के आरोपी उक्त महिला से अवैध सम्बन्ध का आरोप लगाते थे, जिसके कारण ही उनके बीच रंजिश चल रही थी। सामुदायिक भवन में पुलिस को शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं।

एसडीओपी खान ने कहा कि मामले की सूक्ष्मता से जांच हो रही है, इसमें यदि और आरोपी शामिल पाये गये तो उनको भी गिरफ्तार किया जायेगा।

NO COMMENTS