पोषण त्यौहार व महिला सम्मेलन में पहुंची समाज कल्याण मंत्री रमशीला साहू

सिम्स ऑडिटोरियम में शुक्रवार को सुपोषण त्यौहार व महिला सम्मेलन रखा गया। इस कार्यक्रम में पहुंचीं महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की मंत्री रमशीला साहू ने कहा कि सरकार की कोशिशों से प्रदेश में कुपोषण की दर 37 प्रतिशत से घटकर 26 रह गई है। हमें देश में पुरस्कृत भी इसके लिए किया गया। हमारी जवाबदारी है कि बेटी बेटा, परिवार, समाज और पूरे राज्य को सुपोषित बनाएं। इसमें महिलाओं का बड़ा योगदान है। वे परिवार के साथ देश में सुख-समृद्धि लाने में सक्षम हैं। साहू ने बताया कि बेटी के जन्म होने पर हर साल पांच हजार रुपए जमा कर 18 साल की आयु में एक लाख रुपए देने की नोनी सुरक्षा योजना पर अब तक 39 हजार पंजीयन हुए हैं। इसी तरह 88 हजार बेटियों के हाथ पीले किए गए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पांडेय ने की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य की प्रशंसा की। जिला महिला बाल विकास अधिकारी किरण सिंह ने बताया कि जिले में पिछले पांच साल के भीतर कुपोषण के दर में 14 प्रतिशत की कमी आई। बिलासपुर जिला पूरे राज्य में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने राष्ट्रीय पोषण मिशन व मुख्यमंत्री पोषण मिशन के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर विभिन हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न सहायता समूहों ने इस अवसर पर स्टाल लगाए थे। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूजा विधानी, मस्तूरी जनपद पंचायत की अध्यक्ष चांदनी भारद्वाज, बिल्हा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ठाकुर, सुधा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन आदि उपस्थित थे।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here