Home अपडेट हवाई सेवा के लिये धरना, उड़ान योजना 4 के टेंडर नतीजे जारी...

हवाई सेवा के लिये धरना, उड़ान योजना 4 के टेंडर नतीजे जारी करने की मांग, महापौर व सभापति भी शामिल हुए  

हवाई सेवा की मांग पर बिलासपुर में धरना।

बिलासपुर। हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के द्वारा आज बिलासपुर से महानगरों तक हवाई सुविधा की मांग के लिए तालापारा मुख्य मार्ग में समिति के कार्यकर्ता समीर अहमद के निवास के पास नगर निगम सभापति शेख नजीरूद्दीन के घर के सामने सांकेतिक धरना दिया गया। समिति ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि उड़ान 4.0 योजना का टेंडर जो कि दिसम्बर 2019 में किया गया था, उसके परिणाम तत्काल जारी किये जाये।

गौरतलब है कि उड़ान योजना का शुभारंम्भ 2016 में किया गया था, और 2017, 2018 में क्रमशः उड़ान 1.0, उड़ान 2.0 एवं उड़ान 3.0 के तहत विभिन्न मार्गो पर हवाई सेवा प्रारम्भ करने की अनुमति दी गई। इस योजना के तहत चयनित विमान कंम्पनी को यह भी भरोसा दिलाया जाता है कि 3 वर्षो तक किसी अन्य कंम्पनी को इस मार्ग पर अनुमति नहीं दी जायेगी और यात्री बढ़ने पर चयनित कंम्पनी को ही अतिरिक्त उड़ान प्रारंम्भ करने की छूट होगी। उड़ान योजना 3 के टेंडर के नतीजे जारी कर दिये गये परन्तु दिसम्बर 2019 के टेंडर का नतीजा आज तक घोषित नहीं किया गया है। इस टेंडर में बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली और बिलासपुर से भोपाल होते हुए जयपुर मार्गो पर उड़ान कंम्पनियों ने टेंडर डाले है जिसके आधार पर अब उन्हें हवाई सेवा प्रारंम्भ करने के निर्देश दिये जाने चाहिए।

आज धरने में महापौर रामशरण यादव और नगर निगम सभापति शेख नजीरूद्दीन विशेष रूप से शामिल हुये। महापौर यादव ने बताया कि उनके द्वारा भी केन्द्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर उड़ान 4.0 योजना के नतीजे घोषित करने की मांग की गई है परन्तु अभी तक पत्र का कोई जवाब नहीं आया है।  धरने में तालापारा एवं मगरपारा क्षेत्र के दुलारे भाई,  समीर अहमद बबला, राजेश शुक्ला,  गयुर हुसैन, करमचंद बोले,  अर्जुन सिंग, कमलेश दुबे,  अबरार बाबा और दिलीप कक्कड़ शामिल हुए। समिति की ओर से अशोक भण्डारी, डीगू राव, देवेंन्द्र सिंह ठाकुर,  बद्री यादव व सुदीप श्रीवास्तव आकर समर्थन व्यक्त किये।

31 जुलाई का सांकेतिक धरना समिति के कार्यकर्ता अशोक भण्डारी के निवास स्थल के पास राजेन्द्र नगर चौक लिंक रोड में दिया जाएगा।

NO COMMENTS