सड़क चौड़ीकरण को लेकर कोनी- रतनपुर मुख्य मार्ग के करीब पांच हजार पेड़ों को काटने की योजना बनाई गई है। शासन के इस फैसले के विरोध में और पेड़ों को बचाने की मांग पर रविवार नेहरू चौक से लेकर ग्राम सेंदरी तक रैली निकाली गई।


रैली नेचर क्लब बिलासपुर व ऑक्सीजन स्वयंसेवी संस्था ने आम जनता के साथ मिलकर सुबह 8 बजे  निकाली। इस रैली में पेड़ों को कटने से बचाने कृषि महाविद्यालय के छात्र व नेहरू युवा केन्द्र संगठन के युवा भी शामिल हुए और कदम से कदम मिलाकर सहयोग दिया। इस दौरान आओ मिलकर हाथ बढ़ाएं, रतनपुर रोड के पेड़ बचाएं,वृक्ष बचाने के लिए हम सब एक हैं, वृक्षों की जब करोगे रक्षा, तभी बनेगा जीवन अच्छा और सड़क बनाने के लिए पेड़ काटना जरूरी नहीं जैसे नारे लगाते हुए लोगों से वृक्ष बचाने के लिए सामने आने का निवेदन किया गया। रैली नेहरू चौक से प्रारंभ होकर सेंदरी पहुची। वहां गायत्री परिवार के सदस्यों ने रैली में शामिल लोगों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके अलावा गांव के सरपंच व  ग्रामवासियों ने भी रैली का स्वागत किया। रैली में शामिल सभी लोगों और ग्रामवासियों ने पेड़ों को कटने से बचाने और वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पुलिस भी रैली के साथ पैदल यातायात व्यवस्था संभालती रही।

ज्ञात हो कि कोनी से रतनपुर मार्ग की सड़क पर 4847 हरे भरे -वृक्षों की कटाई मे एक करोड़ 35 लाख रुपये खर्च होंगे। पेड़ों की कटाई जल्द शुरु करने के लिए प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया को पत्र लिखकर कटाई मे लगने वाली राशि की मांग की है। वन विभाग के डीएफओ एस के कंवर ने कुछ दिन पहले जानकारी दी थी कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान रतनपुर रोड पर 4847 वृक्ष काटने हैं। वृक्षों की कटाई में एक करोड़ 35 लाख रुपये लगने हैं ,जिसकी मांग एनएचएआई से की गई है। राशि प्राप्त होते ही वृक्षों की कटाई की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here