अभा कांग्रेस प्रवक्ता की बिलासपुर में प्रेस-कांफ्रेंस

कहा- गुजरात में नेता प्रतिपक्ष रहा हूं, मोदी के काम के तरीकों को अच्छे से जानता हूं। राफेल में घोटाला चुनावी मुद्दा बनेगा

कांग्रेस ने आज राफेल डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बिलासपुर से हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि मोदी जो भी बोलते हैं उनमें आधा सच होता है। वे कहते हैं कि मैं खाता नहीं हूं न खाने देता हूं। पर पूरी सच्चाई यह है कि वे थोड़ा नहीं खाते, करोड़ों में खाते हैं और सच बोलने वालों को चैन की दो रोटी खाने नहीं देते। राफेल फाइटर विमान की खरीदी में मोदी ने अपने उद्योगपति दोस्त अनिल अंबानी को भी करोड़ों का फायदा पहुंचाया है।

राफेल लड़ाकू विमान खरीदी में मोदी सरकार के कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस देशभर में मीडिया से बात कर रही है। इस मुद्दे को पार्टी जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर ले जाएगी। इसी सिलसिले में बिलासपुर पहुंचे गोहिल ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि वे गुजरात सरकार में मंत्री होने के अलावा विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रहे हैं और वे  मोदी के काम करने के तरीके को बहुत करीब से जानते हैं। देश की सीमाओं पर तैनात जवान हमारी और देश की रक्षा करते हैं। इनके लिए जब भी कोई डील हुई कांग्रेस ने पारदर्शिता बरती। बोफोर्स , सुखोई विमानों के सौदे के बारे में संसद में जो भी सवाल उठाए गए हमने उसका जवाब दिया। राजीव गांधी पर इसी भाजपा ने बोफोर्स खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, पर सात साल सत्ता में रहने के बाद भी वे एक सबूत नहीं जुटा पाए। कोर्ट ने कहा कि राजीव गांधी ने एक रुपया कमीशन नहीं लिया है। अब यही मोदी सरकार फ्रांस की कंपनी दाओल के साथ राफेल विमान की कीमत को गोपनीयता के नाम पर छिपा रही है। जब भी सरकारों ने कोई हथियार खरीदी की है तो कुछ तकनीक संबंधी गोपनीयता जरूर सार्वजनिक नहीं की, लेकिन कीमत को कभी नहीं छिपाया गया।


गोहिल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने न्यूनतम बोली के आधार पर 526 करोड़ रुपए की दर से126 राफेल विमानों का सौदा किया था। इसमें से सिर्फ 18 विमान फ्रांस में बनाने तथा शेष का भारत में निर्माण करने की शर्त थी। भारत में यह काम सरकारी उपक्रम हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड को सौंपा जाना था। राफेल की तकनीक भारत को हस्तांतरित करने की शर्त भी जुड़ी थी। जो विमान फ्रांस में तैयार होने थे उसके भी पार्ट्स एचएएल के जरिये खरीदी जानी थी। पर मोदी सरकार अचानक फ्रांस गए। विदेश और रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया था कि इस दौरे पर कोई रक्षा सौदा नहीं होना है। इसके बावजूद इन दोनों मंत्रालयों से कोई प्रस्ताव लिए बिना मोदी ने राफेल सौदा किया। इसमें 126 विमानों की जगह सिर्फ 36 विमानों का सौदा हुआ। यह घोटाला करीब 36 हजार करोड़ रुपए का है। तकनीक हस्तांतरण की भी बात नहीं हुई और सौदा करीब तीन सौ फीसदी अधिक दाम पर लगभग 1670 करोड़ रुपए प्रति विमान के लिए कर दिया गया। मोदी के जाने के दस दिन पहले ही अनिल अंबानी ने एक कंपनी रजिस्टर्ड कराया और राफेल के लिए कलपुर्जे बनाने का काम डसाल्ट कंपनी ने अंबानी की रिलायंस डिफेन्स कंपनी को सौंप दिया, जबकि हमारे देश में एचएएल सरकार की कंपनी है, जिसके पास युद्धक विमान और उनके पार्ट्स बनाने का लम्बा अनुभव है। यही नहीं अम्बानी की कम्पनी को दस साल तक रख-रखाव का काम भी दिया गया है, जो करीब एक लाख करोड़ का सौदा होता है।

गोहिल ने कहा कि पार्टी यह सारी बातें सबूत के साथ कर रही है। कांग्रेस ने एआईसीसी की वेबसाइट  पर सारे दस्तावेज डाल दिए हैं। इसे कोई भी देख सकता है। यही भाजपा की सरकार थी जिसने शहीदों के ताबूत पर भी पैसे बनाए थे।  यदि राफेल सौदे में कोई गड़बड़ी नहीं है तो मोदी ने चुप्पी क्यों साध रखी है, जवाब तो दें।

सबूत होने के बाद भी कांग्रेस इस मामले को अदालत क्यों नहीं ले जाती, सवाल पर गोहिल ने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल को जनहित याचिका दायर करने का अधिकार नहीं है। समय-समय पर अदालतों ने यह बात कही है। यदि इस मामले को कोई कोर्ट लेकर जाएगा तो हम उन्हें जरूर मदद करेंगे।

कांग्रेस को अंबानी द्वारा दी गई मानहानि की नोटिस पर गोहिल ने कहा कि इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री को इस मामले में कितनी घबराहट है। मुझे भी समन मिला है, हम जवाब दे रहे हैं।

गोहिल ने कहा कि यह चुनावी मुद्दा तो है ही साथ ही देश के हित से जुड़ा मुद्दा है। इस लड़ाई को हम जनता की अदालत में लेकर जाएंगे।

प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रवक्ता शैलेष नितिन त्रिवेदी, शैलेष पांडेय, अभयनारायण राय, प्रभारी सचिव चंदन यादव, प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव,  कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, सांसद करुणा शुक्ला, शिवा मिश्रा सहित अनेक कांग्रेस नेताउपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here