बिलासपुर।  पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा  है कि बिलासपुर सांसद लखन लाल साहू को फंसाया गया है वे निर्दोष और भोले-भाले हैं। चुनाव के समय इस तरह के स्टिंग सामने आते रहते हैं। यह भाजपा के खिलाफ पड़यंत्र है, जिसे विपक्षी पार्टियों ने रचा है। साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।


डॉ. सिंह आज बिलासपुर के भाजपा प्रत्याशी अरूण साव की नामांकन रैली में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे थे। इस दौरान वे पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। सांसद साहू के वायरल स्टिंग ऑपरेशन  पर किये गए सवाल के जवाब में डॉ. सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उनसे पूछा जा रहा है कि इस तरह की बातचीत उन्होंने किन परिस्थितियों में किसी से की। जब उनसे कहा गया कि यह तो कांग्रेस के आरोप को सही ठहरा रहे हैं जिसमें चौकीदारी को लेकर सवाल उठाया जा रहा है, तो रमन सिंह ने खीझकर पत्रकारों से कहा कि आपको मालूम नहीं हो तो पता कर लीजिये, स्टिंग केवल भाजपा सांसद के खिलाफ नहीं किया गया, बल्कि कांग्रेस और दूसरे दलों के सांसदों के साथ भी किया गया है। उन्होंने कहा किहमारे सांसद लखन लाल सीधे-सादे हैं, उनका किसी से लेना-देना नहीं है। क्या 15 करोड़ का लेन-देन हुआ है? सिर्फ जबानी जमा खर्च किया गया है। भाजपा को बदनाम करने के लिए स्टिंग ऑपरेशन का यह पड़यंत्र विपक्षी पार्टियों ने रचा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस तरह के स्टिंग ऑपरेशन सामने आते रहते हैं। डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि हमेशा की तरह बिलासपुर से इस बार भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। भाजपा प्रत्याशी अरूण साव ने भी कहा कि यह स्टिंग ऑपरेशन कांग्रेस की साजिश है जो भाजपा को बदनाम करना चाहती है। जनता सब समझती है, इसका चुनाव में कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

1 COMMENT

  1. लखनलाल साहू वर्तमान सांसद हैं, आज वे नामांकन दाखिल करने की रैली में शामिल हुए क्या?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here