मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि इस विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा वोट काट रहा है और नतीजों में इसकी भूमिका रहेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि हम 65 प्लस सीटों के साथ फिर सरकार बनाने जा रहे हैं।

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंघरी में आम सभा के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा करते हुए उऩ्होंने एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा-“तीसरा मोर्चा वोट ले रहा है। इस चुनाव में निश्चित रूप से वोटों का जो विभाजन होगा, उसमें तीसरे की भूमिका रहेगी।” हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने यह साफ नहीं बताया कि तीसरा मोर्चा भाजपा के वोट विभाजित करेगा या कांग्रेस के।

मालूम हो कि बिलासपुर जिले की कई सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री ने आज बिलासपुर जिले की कोटा और बेलतरा सीट में प्रचार किया। इन दोनों सीटों पर छजकां की अच्छी उपस्थिति है। विधायक डॉ. रेणु जोगी कोटा से तथा जोगी के पुराने और बेहद करीबी समर्थक अनिल टाह बेलतरा से चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष हो रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि पहले चरण में 18 सीटों पर हुए मतदान में हम 14 सीटें जीत रहे हैं। बिलासपुर संभाग में भी भाजपा के पक्ष में अच्छे वातावरण का निर्माण हुआ है। भाजपा 65 प्लस का टारगेट पूरा करेगी और इस चुनाव में पार्टी की स्थिति पहले से बेहतर रहेगी।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ अफवाह फैलाने का काम किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 2013 से लेकर अब तक 28 चुनाव लड़े हैं, जिनमें से 27 में कांग्रेस की हार हुई है। 2013 के चुनाव में भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहते हुए राहुल गांधी प्रचार के लिए आए थे, तब हारे, इस बार फिर हारेंगे।ये बात मैं दावे से कह रहा हूं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here