बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी और उनकी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ को गुरुवार को तेज झटका लगा। उनके पारिवारिक मित्र और बेहद करीबी अनिल टाह  कांग्रेस में शामिल हो गये। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ कहा है। टाह ने इस पर संयत प्रतिक्रिया दी है।

चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के सबसे करीबी अनिल टाह ने भी उनका साथ छोड़ दिया। बीते तीन दिनों से चल रही चर्चाओं पर विराम आज तब लगा जब उन्होंने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के समक्ष कांग्रेस में प्रवेश कर लिया। टाह का जोगी से केवल राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक रिश्ता भी है। जोगी जहां-जहां गये, टाह उनके साथ रहे। जोगी की पार्टी के संस्थापक सदस्यों में टाह भी एक हैं। उनके साथ स्थानीय नेता दिलीप मिरी भी कांग्रेस में लौट गये। अनिल टाह ने पिछला चुनाव बेलतरा से जोगी की पार्टी से लड़ा था और माना गया कि उन्होंने कांग्रेस को बहुत नुकसान पहुंचाया, जिसके चलते भाजपा प्रत्याशी रजनीश सिंह को जीत मिल गई। टाह ने बिलासपुर से भी तीन बार चुनाव लड़ा है। उन्होंने यहां भी भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है। टाह के कांग्रेस प्रवेश से अब बेलतरा और बिलासपुर में कांग्रेस को लाभ मिलने की संभावना है।

टाह के कांग्रेस प्रवेश की खबर पर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के अमित जोगी का पारा चढ़ गया। उन्होंने वाट्सअप, ट्विटर और फेसबुक पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि – “मैंने अपने जीवन में अनिल टाह जैसा ग़द्दार नहीं देखा है। उनके कांग्रेस प्रवेश से हमारी पार्टी में जो ख़ुशी की लहर बही है, वो अभूतपूर्व है। चार बार नहीं चालीस बार वो अपने दल को चुनाव में निपटाएंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है।मैं दावे के साथ अब बोल सकता हूँ कि बिलासपुर लोक सभा में भी अब कांग्रेस ऐतिहासिक मतों से निपटेगी। इसका भी श्रेय केवल ‘बपौति टाह’ को ही जाएगा।”

आगे अमित जोगी ने कहा है कि कुछ लोगों के लिए कितना भी कर लो, दुनिया से लड़ लो,कम होता है। सत्ता की सुगंध उन्हें खिंची ले ही जाती है। जब वो 1999  में हमारा साथ छोड़ चुके थे तो पापा (अजीत जोगी)  मुख्यमंत्री बने और जब से 2003 में वापस आए हैं, हम सत्ता से कोसों दूर हो गए हैं। ऐसे लोग जितना दूर रहे उतना अच्छा है। कांग्रेस प्रवेश मुबारक!

जोगी जी से बात करके कांग्रेस में लौटा- टाह

अनिल टाह ने कहा कि उन्होंने यह पाया कि जनता कांग्रेस में रहते हुए हम भाजपा को ही फायदा पहुंचा रहे हैं, जबकि गठन करने के समय ऐसा हमारा उद्देश्य नहीं था। इसीलिए कांग्रेस प्रवेश के न्यौते को उन्होंने स्वीकार किया है। कांग्रेस प्रवेश की जानकारी मैंने अजीत जोगी जी को दे दी थी। अमित जोगी की प्रतिक्रिया पर उन्हें कुछ नहीं कहना है, वह तो बच्चा है। टाह ने कहा कि हमारे पारिवारिक रिश्ते जोगी जी के साथ मजबूत हैं, उसमें कोई फर्क नहीं आयेगा। यह सिर्फ राजनीतिक फैसला है।

टाह को लिम्हा की सभा में प्रवेश दिलाने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल व अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। कांग्रेस प्रवेश के तुरंत बाद टाह की अहमियत देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उन्हें अपने साथ मुंगेली में आयोजित जन-सभा में शामिल होने के लिए ले गये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here