रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ 18वें  राज्य शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन, 1660 खिलाड़ी  भाग ले रहे  

18 वें राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धमरलाल कौशिक ने कहा कि धान के कटोरे के रूप में पहचान बनाने वाला छत्तीसगढ़ आने वाले समय में खेल के क्षेत्र में भी विशेष पहचान बनाएगा। इस राज्य में खेल की असीम संभावनाएं हैं।  राज्य स्तर पर जो खेल नीति बनी है, उससे खिलाड़ी आगे बढ़ रहे है और खेल का वातावरण बन रहा है। राज्य में मिनी स्टेडियम से लेकर इंडोर स्टेडियम, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का निर्माण कर खिलाडि़यों को खेल की

सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक राजू सिंह क्षत्री ने की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में खेल उतना ही जरूरी है जितना जीने के लिये सांस है। जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस खेल से मिलता है। हमें खेल को गंभीरता से लेना होगा और एक लक्ष्य लेकर खेल में आगे बढ़ना होगा। विशिष्ट अतिथि गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने आशा व्यक्त की कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन करेंगे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देंगे।

अतिथियों ने खेल व प्रतियोगिता का ध्वज फहराकर उद्घाटन किया। इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें खिलाडि़यों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया साथ ही विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य व संगीत की प्रस्तुति दी। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत बेसबाल बालक-बालिका 19 वर्ष, कबड्डी बालक-बालिका 17 वर्ष, नेटबाल बालक-बालिका 14 वर्ष, हैण्डबाल बालक-बालिका 14 वर्ष, तीरंदाजी बालक-बालिका 14, 17, 19 वर्ष, तीरंदाजी कम्पाउण्ड 14, 17, 19 वर्ष, फील्ड आर्चरी बालक-बालिका 19 वर्ष आयुवर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। जिसमें राज्य के 12 जोन बिलासपुर, रायपुर, बस्तर, सरगुजा, राजनांदगांव, जशपुर, कबीरधाम, कांकेर, दुर्ग, कोरिया, जांजगीर-चांपा और कोण्डागांव के करीब 1660 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जिनमें 850 बालक और 810 बालिकाएं शामिल हैं।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी हेमंत उपाध्याय ने प्रतियोगिता के संबंध में प्रतिवेदन दिया और बताया कि इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here