शहर और आसपास के इलाकों में डेंगू का प्रकोप थमता नजर नहीं आ रहा है। डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट वाले एक बच्चे और एक महिला की शहर के निजी अस्पतालों में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से मौत की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इधर शहर में डेंगू के दो नए पॉजिटिव रिपोर्ट मिले हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के ग्राम ढोढमा के चार वर्षीय बालक शिवराज कुर्रे को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी तरह एक अन्य निजी अस्पताल में मुंगेली की 42 वर्षीय अंजुम बेगम को भर्ती कराया गया था। इन दोनों को उपचार के लिए पहले मुंगेली के जिला अस्पताल में दाखिला कराया गया था। जब इनकी खून की जांच की रिपोर्ट आई तो इन्हें डेंगू पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद इन्हें अन्य बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। दोनों अलग-अलग अस्पताल में भर्ती थे।

स्वास्थ्य विभाग ने इन दोनों की मौत डेंगू से होने की पुष्टि नहीं की है। निजी अस्पतालों से इलाज के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।

अपोलो अस्पताल में डेंगू के दो मरीज जरहाभाठा और टिकरापारा से भर्ती कराए गए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से मरीजों के आने के कारण लोगों में चिंता बढ़ गई है। एक महीने के भीतर अकेले तालापारा से ही 40 से अधिक डेंगू मरीजों का पता चल चुका है। जिले के निजी अस्पतालों से फिर जिला अस्पताल में इलाइजा टेस्ट के लिए नौ सेम्पल भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आज शाम तक मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here