‘‘जैसे कोई मोती ढूंढे झीलों की गहराई में, हम विकास ढूंढ रहे हैं उल्लुओं की परछाई में”

कांग्रेस के युवा बेरोजगार संकल्प सम्मेलन ‘रोजगार मेरा हक़‘ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करने पहुंचे युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चन्द यादव ने कांग्रेस नेताओं पर पार्टी कार्यालय में हुए लाठीचार्ज पर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीएम, अमर अग्रवाल और भाजपा के लोगों को बताना चाहता हूं कि सरकारें बदलती रहती हैं हमारा वक्त भी आएगा- लाठी चार्ज कराने वालों को चौराहे पर मुर्गा बनाकर पीटेंगे, होश ठिकाने आ आएगा।

शहर में आज युवक कांग्रेस ने बेरोजगार युवा संकल्प सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें प्रदेश के युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करने के लिए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व कार्यकारी सदस्य पहुंचे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के लंबे समय बाद भी हमें रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले 15 सालों में ऐसे हालात और परिस्थितियां पैदा कर दी है कि युवा दिल्ली, मुम्बई समेत तमाम शहरों के सड़कों, होटलों, एजेंसियों में रोजगार के लिए घूम रहे हैं। इनकी हालत देखकर अफसोस होता है।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज में शामिल सरकार और पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारें बदलती रहती है वक्त हमारा भी आएगा चौराहे पर मुर्दा बनाकर पीटा जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा की सरकार के खिलाफ जो आवाज उठाता है उसे बीच सड़क पर पुलिस दमन के माध्यम से गोलियों का शिकार बना दिया जाता है। सरकार जुमलेबाजी कर देश की जनता को ठगने का काम बंद करे।

युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संदीप वाल्मिकी ने कविता और शायरी के माध्यम से सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा-

 “जैसे कोई मोती ढूंढे झीलों की गहराई में,

हम विकास ढूंढ रहे हैं उल्लुओं की परछाई में।‘

किसानों की स्थिति पर उन्होंने कहा कि धान के कटोरे का अभिमान कराने वाला मेरे छत्तीसगढ़ का किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है और रमन सिंह विकास यात्रा में मशगूल है। छत्तीसगढ़ में 30 हजार से अधिक माताएं, बहनें, बेटियां लापता हैं। इस मामले पर सवाल करो तो मुख्यमंत्री की जुबान से एक भी शब्द नहीं निकलता है।

बाल्मिकी, पीएम मोदी पर भी निशाना साधने से नहीं चूके उन्होंने कहा-

“दिल्ली डरी-डरी सी रहती है,पाक-चीन के कोड़े से,

सेना बांधे हाथ खड़ी है जाने किसके औड़े से,

अरे अब तो वक्त बदलना सीखो डरते-डरते जीने का,

हमको भी अहसास करा दो 56 इंची सीने का।‘‘

उन्होंने कहा अभी भी प्रदेश में 25 लाख से ज्यादा युवा रोजगार ढूंढ रहा है।

सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव, पीसीसी प्रवक्ता शैलेष पाण्डेय, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, भारतीय युवक कांग्रेस से दीपक मिश्रा, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रेनू मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री व अन्य समेत बड़ी संख्या में युवा और कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों के पहुंचने पर युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here