Home अपडेट बीच सड़क पर गैंग के साथ मिलकर किया था जानलेवा हमला, सरगना...

बीच सड़क पर गैंग के साथ मिलकर किया था जानलेवा हमला, सरगना मैडी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस की गिरफ्त में मैडी उर्फ नितेश निखारे।

पुलिस को देखकर छिप गया था गन्ने के खेत में, घंटों तलाशी के बाद हाथ आया

बिलासपुर। पुलिस ने आदतन अपराधी व जिला बदर रह चुके मैडी उर्फ रितेश निखारे को मुंगेली के पुरान से उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिन से वह फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसे गन्ने के खेत में रात के वक्त दबोचा। मैडी और उसके साथियों ने आधी रात को झुंड बनाकर दो युवकों पर घातक हथियारों से हमला किया था, जिनमें से एक अभी भी अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में पुलिस अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ और लोगों की तलाश की जा रही है। इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 294, 506, 323, 307, 120 (बी) भा.द.वि. 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 3(2)(5) एवं 3(2)(5-ए) अनुसुचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कल गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों में गोलू उर्फ विदेशी विराज है, जो मैडी के साथ ही फरार था। दूसरा आरोपी रूपेश दुबे है, जिसने इन दोनों को छिपने में मदद की थी।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक 5 मई को रात करीब 1.30 बजे भास्कर वर्मा और नवीन गोस्वामी पर 8-10 लोगों ने रॉड, लाठी आदि हथियारों से हमला कर दिया था। हैवन्स पार्क होटल के पास एक गली में यह घटना हुई थी। भास्कर वर्मा की बाइक बिगड़ गई थी तो उसने मदद के लिए फोन करके नवीन को बुलाया था। हमलावरों का टारगेट भास्कर ही था, जिसे गहरी चोट आने के कारण अपोलो अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हमलावर उसे मरा समझकर भाग गए थे। तारबाहर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने पहले ही इस मामले में सिद्धार्थ शर्मा, फरीद अहमद, आयुष मराठा, एम. वरूण, निकेत शर्मा उर्फ प्रिंस शर्मा तथा काव्य गढेवाल को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने इन्हें जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी मैडी उर्फ रितेश निखारे अपने अन्य साथियों सहित फरार हो गया था। वह कई बार जेल जा चुका है वर्ष 2022 में उसके विरूद्ध राज्य सुरक्षा कानून के अधिन जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। वापस आकर वह गैंग बनाकर फिर अपराध में सक्रिय हो गया।

घटना के बाद रूपेश दुबे उसे मुंगेली के ग्राम पुरान  के फार्म हाउस  में छोडकर वापस आ गया था। एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र वैष्णव, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक सरफराज खान, दीपक उपाध्याय व तरूण केशरवानी के पहुंचने पर आरोपी 20 एकड़ क्षेत्र में फैले गन्ने के खेतों के बीच छिप गया था। करीब दो किमी पीछा कर तीनों को टीम ने गिरफ्तार किया।

NO COMMENTS