Home अपडेट बिलासपुर में कांग्रेस को झटका, जिपं अध्यक्ष चौहान, भार्गव, सोनवानी सहित कई...

बिलासपुर में कांग्रेस को झटका, जिपं अध्यक्ष चौहान, भार्गव, सोनवानी सहित कई नेता भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान।

रायपुर में सीएम, डिप्टी सीएम की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सदस्यता दिलाई

बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को जिले में बड़ा झटका लगा है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान आज अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इनमें जिला पंचायत के सभापति राजेश्वर भार्गव भी शामिल हैं।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वालों में सभापति राहुल सोनवानी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामनारायण राठौर, जनपद सदस्य गोपी पटेल व पंधी के पूर्व सरपंच घनश्याम यादव का भी नाम है।
आज सुबह जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी को अरुण सिंह चौहान ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने संबंधी पत्र भेज दिया। इसके बाद वे रायपुर रवाना हो गए। रायपुर में वे  प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक व संगठन के अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस की बहुमत वाली जिला पंचायत में कोटा के विधायक अटल श्रीवास्तव की अनुशंसा पर चौहान को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अध्यक्ष बनवाया था। चौहान इसी क्षेत्र से इस समय जिला पंचायत के सदस्य हैं। सन् 2018 और 2023 में वे कोटा विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार रह चुके हैं। टिकट नहीं मिलने के बावजूद दोनों चुनावों में उन्होंने कांग्रेस के लिए प्रचार किया था। कोटा क्षेत्र से भाजपा की हार इस बार कम अंतर से हुई है। ऐसे में चौहान के भाजपा प्रवेश का कोटा विधानसभा में असर देखने को मिल सकता है।

NO COMMENTS