Home अपडेट वीडियो कांफ्रेंस कर सांसद ने लॉकडाउन पर पत्रकारों व कार्यकर्ताओं से चर्चा...

वीडियो कांफ्रेंस कर सांसद ने लॉकडाउन पर पत्रकारों व कार्यकर्ताओं से चर्चा कर ली मुंगेली जिले की जानकारी

बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण साव ने लॉकडाउन और कोरोना को लेकर उत्पन्न स्थितियों पर मुंगेली के कार्यकर्ताओं व पत्रकारों से वीडियो कांफ्रेंसिंग की।

कहा- जरूरतमंदों के लिये निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करें, देश में किसी भी स्थान पर फंसे छत्तीसगढ़ के मजदूरों को हरसंभव राहत पहुंचाएंगे

बिलासपुर। सांसद अरुण साव ने आज भाजपा पदाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंस कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। साथ ही कार्यकर्ताओं से जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

सांसद साव लॉकडाउन के बाद से ही देश के विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूरों को भोजन आदि की आवश्यक सुविधाएं दिलाने के लिये सक्रिय हैं। वे  दिल्ली, मुम्बई, पंजाब, हरियाणा, बिहार, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश में फंसे मजदूरों की लगातार सुध लेकर उन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं। साव ने आज भाजपा आईटी सेल के  जिला संयोजक सुनील पाठक के सहयोग से वीडियो कांफ्रेंस कर लोरमी के गुरमीत सलूजा व रवि शर्मा, पथरिया के निश्चल गुप्ता, जनपद उपाध्यक्ष पवन पाण्डेय, मुंगेली के जिला भाजपाध्यक्ष शैलेश पाठक, नगर भाजपा अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह तथा पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह से चर्चा कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों, लॉकडाउन की स्थिति एवं आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति की स्थिति में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों में फंसे छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के लिए वे भोजन इत्यादि की जरूरी व्यवस्थाएं कराने लगातार जुटे हुए हैं।

साव ने मुंगेली प्रेस क्लब के जयकुमार ताम्रकार, योगेश शर्मा, सुशील शुक्ला, प्रशांत शर्मा आदि से भी बात कर ताजा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि देश के किसी भी राज्य में फंसे मजदूर की हरसंभव तत्काल मदद की जाएगी। इस संकट के दौर में देश की जनता पूरी एकजुटता के साथ सरकार के साथ खड़ी है। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही जनसामान्य भी अपने अपने स्थान पर लॉकडाउन में फंसे लोगों की स्वस्फूर्त मदद कर रहे हैं।

NO COMMENTS