Home अपडेट कोपरा जलाशय में कल पक्षी महोत्सव, फोटोग्रॉफी, रंगोली व चित्रकला स्पर्धा भी,...

कोपरा जलाशय में कल पक्षी महोत्सव, फोटोग्रॉफी, रंगोली व चित्रकला स्पर्धा भी, पहली बार आयोजन

बिलासपुर स्थित कोपरा जलाशय में पक्षी महोत्सव की तैयारी।

बिलासपुर। शहर से 12 किलोमीटर दूर सकरी-पेन्ड्रीडीह बाइपास स्थित ग्राम बेलमुंडी के कोपरा जलाशय में रविवार 21 फरवरी को पहली बार पक्षी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें फोटोग्रॉफी, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगितायें भी रखी गई है।

जिला वन मंडलाधिकारी कुमार निशांत से मिली जानकारी के अनुसार महोत्सव का उद्धाटन सुबह 6 बजे किया जायेगा। दोपहर 3 बजे तक फोटोग्रॉफी कर स्थल पर ही प्रतियोगिता में भाग लिया जा सकेगा। यहीं पर सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक पेंटिंग प्रतियोगिता रखी गई है। इसके अलावा विशेषज्ञों के साथ चर्चा का समय दोपहर 12 बजे से 3 तक निर्धारित किया गया है। दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता रखी गई है। शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण किया जायेगा। इसके बाद कार्यक्रम का समापन होगा।

ज्ञात हो कि कोपरा जलाशय में साइबेरिया सहित अन्य ठंडे देशों से हर वर्ष हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं, जिन्हें देखने के लिये लोगों की भीड़ वहां पहुंचती है। इस जलाशय में पक्षियों का आवागमन बना रहे इसके लिये लम्बे समय से पक्षी महोत्सव जैसे कार्यक्रम रखने की मांग वन्यजीव प्रेमियों द्वारा की जा रही थी।

वन विभाग ने इसके लिये बड़े पैमाने पर तैयारी की है। कोपरा व बेलमुंडी के ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं को भी आयोजन में शामिल किया गया है। डीएफओ ने लोगों ने लोगों से इस महोत्सव में पहुंचने की अपील की है।

 

NO COMMENTS