Home अपडेट पुण्यतिथि पर स्व. लखीराम के योगदान पर संगोष्ठी, वृद्धाश्रम में भाजपा पश्चिम...

पुण्यतिथि पर स्व. लखीराम के योगदान पर संगोष्ठी, वृद्धाश्रम में भाजपा पश्चिम मंडल ने किया फल वितरण

स्व. लखारीम अग्रवाल की श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ता।

बिलासपुर, 24 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष स्व. लखीराम अग्रवाल की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कल्याण कुंज वृद्धा आश्रम में वृद्धजनों के बीच फल वितरण किया गया। आश्रम में बुजुर्गों के बीच संगोष्ठी कर स्व. अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर भाजपा पश्चिम इकाई के मंडल अध्यक्ष सहदेव कश्यप ने कहा कि स्व. लखीराम अग्रवाल भाजपा के वरिष्ठ मार्गदर्शक थे। उनके साथ के वरिष्ठ नेता आज भी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा देश के अन्य राज्यों में भाजपा को  परम वैभव के शिखर तक ले जाने में अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं। स्व. लखीराम हमेशा हमारे प्रेरणा स्त्रोत बने रहेंगे।

इस मौके पर मंडल प्रभारी मनीष अग्रवाल ने कहा कि स्व. लखीराम ने अपना पूरा जीवन जनसंघ और उसके बाद भाजपा को एक पौधे की तरह सींचकर बड़ा करने में लगाया। पुराना महाकौशल जो अब छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश है, में भाजपा को स्थापित करने में स्व. लखीराम अग्रवाल का योगदान अविस्मरणीय है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया व स्व. अटल बिहारी बाजपेयी के साथ वे संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर रहे और संगठन के कुशल शिल्पीकार के रूप में कार्य किया। उन्हें उनके साथी ‘काका जी’ के नाम से सम्बोधित करते थे। राजनीति के अलावा सामाजिक क्षेत्र में भी उनका देश प्रदेश के लिए काफी योगदान रहा। उनके दिखाये मार्गों पर हम कार्य करते रहें, यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संगोष्ठी के पश्चात दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आदित्य तिवारी ने किया। कार्यक्रम में रामदेव कुमावत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, सुनीता मानिकपुरी, अंबर चतुर्वेदी, लखन अगतानी, अभिजीत दुबे, शरद सोनवानी, तरुण बोहरे, चिंटू पराते, विनोद डहरिया, बालाराम कौशिक, हरीश चौरसिया, पी. गणपति, सुभाष जैन, उदय खेड़े, चंद्रमौली मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।

 

NO COMMENTS