Home अपडेट कार का टायर फटा, पिकनिक से लौट रहे युवक युवती की मौत,...

कार का टायर फटा, पिकनिक से लौट रहे युवक युवती की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

टायर फटने से पलटी कार।

बिलासपुर। बीती रात कोटा से बिलासपुर लौट रही एक कार का टायर फट जाने से उसमें सवार एक युवक और युवती की मौत हो गई। कार में 5 लोग सवार थे, जिनमें से दो घायल भी हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक जाइलो कार सीजी 10 एफ ए 6990 में 5 लोग पिकनिक मनाने के लिए शुक्रवार को कोटा गए थे। वे रात करीब 11:30 बजे बिलासपुर लौट रहे थे। सकरी थाने के भरनी गांव के पास पहुंचने पर टायर फट जाने से उनकी तेज रफ्तार कार पूरी तरह पलट गई।

हादसे में बैकुंठपुर की श्रेयल सिंह 18 वर्ष तथा बिलासपुर के अर्जुन जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया गया है कि दोनों मृतक सकरी थाना इलाके के आसमां सिटी में रहते थे। मृतक अर्जुन को बिलासपुर में पदस्थ महिला कांस्टेबल संगीता जायसवाल का भतीजा तथा श्रेयल सिंह को बैकुंठपुर सोमानी सिंह की बेटी बताया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के दौरान टायर फटने से दुर्घटना की बात सामने आ रही है। घायलों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच की जाएगी।

NO COMMENTS