Home अपडेट छात्र जीवन में क्रिकेट खिलाड़ी रहे जस्टिस गोस्वामी, लॉ से पहले ली...

छात्र जीवन में क्रिकेट खिलाड़ी रहे जस्टिस गोस्वामी, लॉ से पहले ली थी अर्थशास्त्र की स्नातक डिग्री

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके, चीफ जस्टिस अरुप कुमार गोस्वामी।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के नये मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुप कुमार गोस्वामी ने 1981 में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कॉटन कॉलेज से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद 1985 में उन्होंने गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, गुवाहाटी से एलएलबी की डिग्री हासिल की।

जस्टिस गोस्वामी 16 अगस्त 1985 को असम, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश की बार काउंसिल में वकील के रूप में नामांकित किये गये। यहां उन्होंने मुख्य रूप से सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सर्विस मैटर पर प्रैक्टिस की। 21 दिसंबर 2004 को उन्हें गुवाहाटी उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया।

वे गुवाहाटी उच्च न्यायालय की स्थायी परिषद् के सदस्य के अलावा कार्बी-एंग्लोंग स्वायत्त परिषद् और उत्तरी कछार हिल्स स्वायत्त परिषद के स्थायी वकील थे। उन्होंने असम सरकार में शिक्षा विभाग के भी स्थायी अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्हें 24 जनवरी 2011 को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया और 7 नवंबर 2012 को वे एक स्थायी न्यायाधीश बन गए। 1 अप्रैल 2011 से 12 अगस्त 2013 तक वे नागालैंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष थे। 6 जून 2018 से 14 अक्टूबर 2019 तक जस्टिस गोस्वामी असम राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष और 8 मार्च 2016 से 14 मार्च 2019 तक अरुणाचल प्रदेश राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष रहे। वे 6 सितंबर 2018 से 29 अक्टूबर 2018 तक और 24 मई 2019 से 6 अक्टूबर 2019 तक गुवाहाटी उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे।

अक्टूबर 2018 से 14 अक्टूबर 2019 तक वे गुवाहाटी उच्च न्यायालय के द्विवार्षिक समाचार बुलेटिन एटमैन के संपादक थे। इसके पहले 2000-2001 में वे गुवाहाटी उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के महासचिव थे। 11 मार्च  1961 को असम के जोरहाट में जन्मे जस्टिस गोस्वामी अपने छात्र जीवन में क्रिकेट खिलाड़ी भी रहे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में असम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अंडर-19, अंडर-22 और सीनियर स्तर पर ईस्ट जोन का भी प्रतिनिधित्व किया।

15 अक्टूबर 2019 को जस्टिस गोस्वामी ने सिक्किम उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उन्हें 31 दिसंबर 2020 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया, जहां उन्होंने 6 जनवरी 2021 को शपथ ली। उन्हें 9 अक्टूबर 2021 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया और आज 12 अक्टूबर 2021 को छत्तीसगढ़ में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राज्यपाल ने दिलाई शपथ

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी को आज राजभवन के दरबार हाल में उच्च न्यायालय  छत्तीसगढ़ के 14वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अंग्रेजी में शपथ ली।

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित जस्टिस गोस्वामी की पत्नी डॉ. नीलाक्षी गोस्वामी का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन व राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति वारंट का पाठ मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।

समारोह में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मो. अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम साय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा विभिन्न निगम मंडल, प्राधिकरण के अध्यक्ष उपस्थित थे।

NO COMMENTS