Home अपडेट राहुल गांधी का दौरा कार्यक्रम अभी नहीं बना, कांग्रेस के विधायक 70...

राहुल गांधी का दौरा कार्यक्रम अभी नहीं बना, कांग्रेस के विधायक 70 से बढ़कर 72 होंगे- सिंहदेव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर के चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायकों की संख्या 70 से बढ़कर 72 हो सकती है।

मरवाही विधायक डॉ. के के ध्रुव के बेटे प्रवीण ध्रुव के निधन पर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे सिंहदेव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों की संख्या अभी 70 है जो बढ़कर 72 हो सकती है। यहां उल्लेखनीय है कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की प्रमुख व कोटा क्षेत्र की विधायक डॉ. रेणु जोगी कह चुकी हैं कि सोनिया गांधी के कहने पर वे कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। छत्तीसगढ़ से जेसीसी के चार विधायक हैं जिनमें से लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने ही अपना रुख व्यक्त नहीं किया है। शेष दो विधायक देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा कांग्रेस को समर्थन दे रहे हैं।

सिंहदेव से  मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल वाले फार्मूले के बारे में फिर से सवाल करते हुए पूछा गया कि क्या छत्तीसगढ़ डोल रहा है? उन्होंने कहा कि इस संबंध में सारी बातें हो चुकी है। अब कुछ भी कहने के लिये नहीं है।

सिंहदेव ने यह भी बताया कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कल फोन पर उन्हें बताया कि उनकी राहुल गांधी से छत्तीसगढ़ दौरे के संबंध में बात हुई है पर अभी दौरा कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।

NO COMMENTS