Home अपडेट प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति को झूठ बोलना शोभा नहीं देता,...

प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति को झूठ बोलना शोभा नहीं देता, देश को बहुरूपिया से बचाएं- बघेल

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के लिमहा ग्राम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा।

आदिवासी इलाके लिम्हा में बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशी अटल के लिए मांगे वोट

बिलासपुर। जिले के बेलतरा विधानसभा के धुर आदिवासी क्षेत्र में गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने ठेठ अंदाज में भाजपा और मोदी पर जमकर बरसे और कांग्रेस प्रत्याशी का नाम लिए बिना कांग्रेस के पक्ष में जमकर माहौल बनाया।

यहां की सभा में जोगी कांग्रेस के संस्थापक सदस्य अनिल टाह, दिलीप मिरी, भाजपा नेता सनत मिश्रा सहित दर्जनों नेता कांग्रेस में शामिल हुए।

बघेल ने आधे घंटे के भाषण में ठेठ छत्तीसगढ़ी  में जनसमूह से पूछा कि प्रधानमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छे दिन आये, 15 लाख रु. तो आ ही गये होंगे, धारा 370, राम मंदिर, काला धन, बुलेट ट्र्न, गंगा सफाई जैसे सभी मुद्दे उठाते हुए कहा कि यह तो जरूर हो गया होगा?

जनता के नहीं कहने पर बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सारी बातें झूठी कैसे कर सकता है। लोकतंत्र से लोगों का भरोसा उठ जायेगा, कभी चाय वाला, कभी गंगा का बेटा, कभी फकीर, कभी चौकीदार, कभी 10 लाख का सूट बूट पहनने वाला। खुद ही तो नहीं भूल गया कि वह खुद क्या है। ऐसे बहुरूपियों से देश और लोकतंत्र को बचाना है, जाति धर्म के नाम पर बरगलाने वाले अब विकास के मुद्दे पर चुनाव क्यों नहीं लड़ते। गरीब और किसान की बात क्यों नहीं करते, प्रश्नों से क्यों डरते हैं। अपने ही मन की बात क्यों करते हैं जनता के मन की क्यों नही समझते।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्रामीणों से गांव, गरीब, किसान, कोला, बारी, नरवा, घुरूवा की बात कर की। उन्होंने कहा कि जो आदिवासी जहां वर्षों से काबिज है वह उसका स्वामित्व है और उसे छत्तीसगढ़ में कोई वहां से वंचित नहीं कर सकता।   मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के भोले भाले लोगों को वर्षों से छला है, चप्पल, सायकल, रांपा, कुदाली में कमीशनखोरी कर ठगने का कार्य किया।  किसानों को सक्षम बनाने, उनकी फसल का उचित दाम देकर उनको सभी चीजें खरीदने की शक्ति हमारे नेता राहुल गांधी और भूपेश बघेल ने दी।

कार्यक्रम का आयोजन बेलतरा के पास स्थित लिम्हा में किया गया था जिसका संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने  किया। जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने सह संचालक की भूमिका अदा की। सभा का स्वागत भाषण कार्यक्रम के प्रभारी अजय सिंह ने देते हुए लिम्हा में आदिवासियों और ग्रामीणों की तरफ से मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए किसानों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यां का उल्लेख करते हुए किसानों आदिवासियों की तरफ से आभार जताया।

16 अप्रैल को मुख्यमंत्री के मल्हार आगमन के दौरान मस्तूरी क्षेत्र के जनता कांग्रेस के राजेश्वर भार्गव व पामगढ क्षेत्र की आशा साहू ने कांग्रेस प्रवेश किया था। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के 08 विधानसभा में से जनता कांग्रेस के मुंगेली से चंद्रभान बारमते, बिल्हा से सियाराम कौशिक, तखतपुर से संतोष कौशिक, बिलासपुर से बृजेश साहू, बेलतरा से अनिल टाह कांग्रेस में घर वापसी कर चुके हैं।

NO COMMENTS