Home अपडेट ठंड का कहर, बारिश ने किया हलकान, स्कूलों में अगले दो दिन...

ठंड का कहर, बारिश ने किया हलकान, स्कूलों में अगले दो दिन छुट्टी, खुले में हजारों टन धान, किसान चिंतित

बिलासपुर। शहर सहित जिलेभर में पिछले पांच दिनों से जारी ठंड का सितम और बढ़ गया जब रुक-रुक कर बारिश भी होने लगी। रात आठ बजे शहर का तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सुबह-सुबह 11 डिग्री तक चला जायेगा। स्कूलों में अगले दो दिन छुट्टी रखने का आदेश कलेक्टर ने जारी कर दिया है।

बिलासपुर सहित प्रदेश के 10 जिले इस समय यलो अलर्ट में चल रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग की इस चेतावनी का मतलब है कि तापमान गिरने के कारण जन जीवन असामान्य हो सकता है और लोगों को सावधानी रखनी है और प्रशासन को सतर्क रहना है।

आज सुबह से शहर में हो रही बारिश के बाद से तापमान गिरना शुरू हुआ है और यह देर शाम तक जारी रहा। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक कल तीन जनवरी को भी मौसम नहीं इसी तरह से रहेगा। शाम तक आसमान खुल सकता है।

इधर कलेक्टर ने आज शाम आदेश जारी कर दिया है कि शीतलहर और कड़ाके की ठंड के चलते तीन और चार जनवरी को सभी स्कूल बंद रखे जायेंगे। इनमें सरकारी ही नहीं बल्कि सभी निजी स्कूल और मदरसे शामिल हैं। इस समय नवमीं और 10वीं कक्षा की कुछ परीक्षाएं चल रही हैं, जिस पर पाबंदी नहीं लगाई गई है।

इस समय धान खरीदी चल रही है। जिलेभर के खरीदी केन्द्रों में न केवल खरीदे गये धान पड़े हुए हैं बल्कि टोकन लेकर बैठे किसानों का धान रखा हुआ है। धान खरीदी के नियम इस बार कड़े किये गये हैं। नमी की मात्रा बढ़ने पर खरीदी से मना किया जा रहा है। ऐसे किसानों में बारिश से होने वाले नुकसान को लेकर चिंता है। कलेक्टर ने धान को सुरक्षित रखने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है।

 

NO COMMENTS