Home अपडेट मोटा धान मिलर कम खरीद रहे, खराब होने की आशंका, कांग्रेस विधि...

मोटा धान मिलर कम खरीद रहे, खराब होने की आशंका, कांग्रेस विधि विभाग को मिली शिकायत

धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष संदीप दुबे व अन्य सदस्य।

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के एवं प्रभारी मंत्री गिरीश देवांगन के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष संदीप दुबे के नेतृत्व में विधि विभाग के पदाधिकारियों ने रविवार को धान खरीदी केन्द्रों का दौरा किया। प्रदेश कांग्रेस ने सभी प्रकोष्ठों को निर्देश दिया है कि धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए वे निगरानी रखें।

दुबे के साथ विधि विभाग के सदस्यों ने धान खरीदी केंद्रों कृषक केंद्र सहकारी समिति देवरी, कृषक केंद्र सरकारी समिति खमरिया, एवं  कृषक केंद्र पोड़ी घुट्कु समिति तखतपुर, बिलासपुर केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने धान खरीदी में होने वाले समस्याओं को लेकर किसानों से बात की तथा उनकी समस्याएं सुनी। इन तीनों केंद्रों पर धान खरीदी अच्छी तरह से होने की जानकारी दी गई। कुछ किसानों ने बताया कि खरीदी के समय केंद्रों द्वारा ज्यादा समय लगाया जा रहा है, जिससे धान खरीदी में विलंब हो रहा है।

दुबे ने धान की नमी की मशीन द्वारा जांच की। हाल में हुई बारिश के बावजूद धान की नमी मानक स्तर पर पाया गया। खरीदी केन्द्र की ओर से बताया कि मोटा एवं सरना धान की मिलर कम खरीदी कर रहे हैं। इसके चलते ये खरीदी केन्द्र में ही पड़े हैं।  बेमौसम बरसात होने से इनके खराब होने का खतरा बना हुआ है। कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष संदीप दुबे के साथ आज कमल कांत मिश्रा,  सुरेंद्र सिंह राजपूत एवं दल्लू सिंह ठाकुर आदि अधिवक्ता भी शामिल थे।

NO COMMENTS