Home अपडेट हुंकार रैली में आ रहीं केंद्रीय मंत्री ईरानी को काला झंडा दिखाएंगे...

हुंकार रैली में आ रहीं केंद्रीय मंत्री ईरानी को काला झंडा दिखाएंगे कांग्रेसी

स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री।

बिलासपुर। महतारी हुंकार रैली में शामिल होने के लिए 11 नवंबर को बिलासपुर पहुंच रही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कांग्रेस ने काला झंडा दिखाने का ऐलान किया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हुंकार रैली भाजपा का केवल प्रोपेगेंडा है। केंद्रीय मंत्री ईरानी को इस प्रदर्शन में शामिल होने से पहले कुछ होमवर्क कर लेना चाहिए था। डॉ रमन सिंह के कार्यकाल में महिला अपराध को लेकर छत्तीसगढ़ हमेशा पहले नंबर पर रहा और आज भाजपा शासित उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में महिला अपराध ज्यादा हैं। भूपेश सरकार के कार्यकाल में महिला और बाल अपराधों में कमी आई है। केशरवानी ने कहा कि लोग स्मृति ईरानी की अभिनय प्रतिभा को अच्छी तरह से जानते हैं। जब मनमोहन सिंह सरकार में पेट्रोल डीजल का दाम 65 रुपये था और सिलेंडर 400 में मिल रहा था, वह सिर पर सिलेंडर उठाकर महंगाई पर हाय -तौबा कर रही थीं। जिला अध्यक्ष ने बताया कि रायपुर मार्ग से तिफरा प्रवेश करने पर कांग्रेस कार्यकर्ता काला झंडा दिखाकर उनका विरोध जताएगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8.20 बजे नियमित विमान से मंत्री स्मृति ईरानी रायपुर पहुंचेंगीं। वहां से कार से वे बिलासपुर आएंगी। वे कुछ देर छत्तीसगढ़ भवन में रुकेंगीं। उसके बाद जगमल चौक स्थित केसरी मैदान से दोपहर 1.30 बजे शुरू होने वाली रैली में शामिल होंगी। नेहरू चौक में रैली का समापन होगा।

NO COMMENTS