Home अपडेट बेटी ने नशे में की बाप की हत्या, मां के साथ दफना...

बेटी ने नशे में की बाप की हत्या, मां के साथ दफना दिया लाश को, मोबाइल फोन गुमने से हुआ विवाद  

बेलगहना, मंगलू धनुहार के शव को निकालते ग्रामीण।

करगीरोड कोटा(रामनारायण यादव)। मायके आई बेटी ने पिता की हत्या मोबाइल गुमने की वजह से कर दी। मां ने लाश को गड्ढे में छुपाने में मदद की। बेलगहना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कंचनपुर के मृतक मंगलू धनुहार (58 वर्ष) की विवाहित बेटी दिव्या अपने पांच माह की बेटी के साथ रविवार को मायके पहुंची थी। यहां उसका मोबाइल फोन गुम हो गया। पुलिस के मुताबिक बेटी और उसके मृतक पिता दोनों शराब के नशे में थे। दिव्या ने मोबाइल फोन के बारे में पूछा। पिता ने कहा कि उसे पता नहीं। आरोपी बेटी दिव्या ने मृतक पर आरोप लगाया कि उसी ने मोबाइल फोन को गायब किया है। पिता से वह विवाद करने लगी। बहस बढ़ी और आरोपी दिव्या ने लाठी से अपने पिता पर हमला कर दिया। पास रखे पत्थर को भी उसके सिर पर दे मारा। उसने इतना मारा कि मौके पर ही पिता मंगलू धनुहार की मौत हो गई।

बेलगहना चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि आरोपी दिव्या की इस हरकत को देखकर उसकी मां पुसइया बाई घबरा गये। रात में ही दोनों ने मिलकर उसके शव को घर के पास मिट्टी खोदी और दफना दिया। दफनाने के दौरान बगल में रहने वालों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने पुलिस को ख़बर कर दी। पुलिस ने पड़ोसी परदेसिन बाई की शिकायत दर्ज की। इस बात की जानकारी मिलते ही आरोपी बेटी और मां फरार हो गईं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और बारीडीह में एक रिश्तेदार के घर से दोनों को सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।

लाश का पंचनामा तहसीलदार शिवम् पांडेय की मौजूदगी में कराया गया है। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। दोनों आरोपी मां बेटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद जेल भेज दिये गये हैं।

 

NO COMMENTS