Home अपडेट रमन सरकार बदल दें, वरना प्रदेश का विकास रोटी की तरह जल...

रमन सरकार बदल दें, वरना प्रदेश का विकास रोटी की तरह जल जाएगा- गोहिल

शक्ति सिंह गोहिल, प्रवक्ता, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आज कहा कि माँ बहने रोटी बनाती हैं वो जानती हैं कि एक तरफ़ की रोटी सेंकने के बाद उसे पलट दिया जाता है और दूसरी तरफ सेंका जाता है, वरना रोटी जल जाती है। 15 साल से सत्ता में हैं रमन सिंह अब उन्हें बदल दीजिए वरना प्रदेश का विकास रोटी की तरह जल जाएगा।

बुधवार को बिलासपुर कांग्रेस भवन में जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल  ने यह बात कही। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल भी उपस्थित थे।

गोहिल ने कार्यकर्ताओं को राज्य व केंद्र की भाजपा सरकार की नाकामियां बताते हुए कहा कि आप सभी को संघर्ष करना है। मैं कांग्रेस को सिर्फ एक पार्टी नहीं अपना परिवार मानता हूँ। मैं उसी प्रदेश का रहने वाला हूँ जहां से मोदी जी आते हैं, हमने गुजरात में मोदी को और उनके असली चेहरे को अच्छी तरह देखा है। मोदी सिर्फ़ झूठ बोलते हैं। उनके लिए  सिर्फ़ सत्ता ही सब कुछ है देश के सुरक्षा मामले में भ्रष्टाचार कर उन्होंने बता दिया कि उन्हें देश की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं।

बघेल ने कहा कि कांग्रेस के लिए देश सर्वोपरि है किन्तु भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ़ देश को लूटने का काम किया है। कौन नहीं जानता कि मुख्यमंत्री की पत्नी का नाम डायरी में है। पनामा लीक कांड में मुख्यमंत्री के पुत्र का नाम है। किस तरह प्रदेश में कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार ने अपनी जड़ें मजबूत कर ली हैं । सभी जानते हैं किस तरह मुख्यमंत्री प्रदेश की भोली भाली जनता को कभी राशन के नाम पर कभी मोबाइल फोन के नाम पर लूट रहे हैं। कल तक  राशनकार्ड से मिलने वाला 35 किलो चावल सिर्फ़ 7 किलो कर दिया गया है। पर इससे भी गंभीर समस्या है देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ जो मोदी जी ने किया है। अब इस भ्रष्टाचारी सरकार की उल्टी गिनती शुरू है। जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस की पारदर्शी और स्वच्छ सरकार होगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने सभी अतिथि व कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिले की सभी सीटें जीतने का और प्रदेश में सरकार बनाने का आज हम सभी कांग्रेसजन संकल्प लेते हैं।

सभा का संचालन मो जस्सास ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव प्रदेश प्रभारी डॉ. चंदन यादव , पूर्व सांसद करुणा शुक्ला, प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव आशीष सिंह, महेश दुबे, प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय, अभय नारायण राय, शेख गफ़्फ़ार, बैजनाथ चन्द्राकर, विजय पाण्डेय,कृष्णकुमार यादव सतनाम सिंह खनूजा, जितेंद्र पांडेय, अनिल सिंह चौहान, शेख निज़ामुद्दीन, सत्येंद्र कौशिक, ब्रह्मदेव सिंह, मनोहर कुर्रे,  सहित समस्त पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेसजनों से  कांग्रेस भवन खचाखच भरा था।

 

NO COMMENTS