Home अपडेट पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व चार बार के विधायक बद्रीधर दीवान का 92...

पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व चार बार के विधायक बद्रीधर दीवान का 92 वर्ष की आयु में निधन

बद्रीधर दीवान भाजपा।

अप्रैल में लगवाया था कोविड वैक्सीन का पहला डोज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष व सीपत-बेलतरा के पूर्व विधायक बद्रीधर दीवान का आज शाम तोरवा के प्रथम हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

दीवान को कमजोरी महसूस होने के कारण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बीते 8 अप्रैल को उन्होंने कोविड वैक्सीन का पहला डोज भी लिया था। 92 वर्षीय दीवान का जन्म बेलतरा क्षेत्र के ही देवरी (पंधी) गांव में 27 नवंबर 1929 को हुआ था। सन् 1977 से 80 तक वे भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर के अध्यक्ष रहे। सन् 1980 से 90 तक वे भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी समिति में तथा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रहे। वे महामाया मंदिर रतनपुर के आजीवन ट्रस्टी तथा छत्तीसगढ़ ब्राह्मण समाज के संरक्षक भी थे।

वे चार बार सीपत तथा बाद में परिवर्तित सीट बेलतरा से विधायक बने। पहली बार 1990 फिर 2003, 2008 और 2013 में वे विधानसभा के लिये निर्वाचित हुए। सन् 2015 में वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गये।

दीवान छत्तीसगढ़ के उन गिने चुने नेताओं में हैं जिनकी जनसंघ को स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका रही और जिन्होंने स्व. अटल बिहारी बाजपेयी के साथ काम किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम उपाध्यक्ष का भी दायित्व संभाला था।

NO COMMENTS