Home अपडेट गले में तार बांधकर युवती की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

गले में तार बांधकर युवती की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

File Photo

बिलासपुर. तोरवा थाने के महमंद में बेल्हा खार के पास दिन दहाड़े एक युवती की हत्या कर दी गई। आरोपी ने लड़की को मारने के लिए लोहे के तार का इस्तेमाल किया। उससे उसका गला घोंटा गया, जिससे ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में धारा 302 के तहत जुर्म दर्ज किया है। मामले में जांच जारी है। महमंद में रहने वाली 19 साल की दुर्गा साहू पिता साधु साहू सुबह 10 बजे घर से शौच जाने के नाम पर निकली। उसकी दोपहर दो बजे तक घर वापसी नहीं हुई। घरवालों को किसी अनहोनी का संदेश हुआ तो वे दुर्गाकी तलाश पर निकले। यहां बेल्हा खार के सुनसान जगह पर उसकी लाश मिली। उसके गले में लोहे का तार पाया गया। पैरों में चोट के निशान हैं। चेहरे पर नोंचने की लकीर दिख रही है। घटना की जानकारी पाते ही परिजनों ने तोरवा थाने में सूचित किया। इसके बाद तोरवा टीआई परिवेश तिवारी और उनकी टीम मौके पर पहंुची। प्रथम दृष्टया उन्हें मामला हत्या का लग रहा है इसलिए ही उन्होंने इसमें जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि वे हर उस एंगल पर जा रहे हैं, जिससे आरोपी का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। दुर्गा का कुछ दिन पूर्व एक प्राइवेट दुकान में जॉब लगा था। वे चार बहनें हैं, इनमें छोटी दुर्गा घर परिवार चलाना चाहती थी। माता-पिता मजदूर हैं, इसलिए घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं। यही सोचकर दुर्गा ने अपने लिए काम चुना। हर दिन वह सुबह 10 बजे काम पर चली जाती, लेकिन बुधवार को वह नहीं गई। पुलिस का कहना है कि दुर्गा की एक बहन की शादी तय हुई थी। इसलिए वह घर पर थी और उसके साथ यह घटना घट गई। पुलिस को संदेह है कि जिस भी शख्स ने ऐसा किया है उसकी नीयत युवती पर बिगड़ गई थी। वह शौच के लिए मैदान आई थी। इस दौरान ही उसके साथ यह घटना हुई। तोरवा टीआई परिवेश तिवारी ने मौके का जायजा लिया है। उनके मुताबिक जिस जगह पर युवती की लाश मिली है, वहां आसपास दूर-दूर तक वीरानी का माहौल है। महमंद में आसपास के लोग शराबखोरी करने के लिए ऐसे सूने जगह का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए हो सकता है कि शराबखोरी के बाद किसी की नीयत बिगड़ी हो उसने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया हो।

NO COMMENTS