Home अपडेट शेर के बाड़े में जाली फांदकर कूदा, कानन पेंडारी स्टाफ की सतर्कता...

शेर के बाड़े में जाली फांदकर कूदा, कानन पेंडारी स्टाफ की सतर्कता से बची युवक की जान

शेर के बाड़े में कूद गया युवक।

बिलासपुर। कानन पेंडारी चिड़ियाघर में शेर के बाड़े में एक युवक अचानक कूद गया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते शेर को वापस केज में बुला लिया, जिससे एक गंभीर हादसा टल गया।
कल शनिवार होने के कारण कानन पेंडारी चिड़ियाघर में पर्यटकों की काफी भीड़ पहुंची थी। यहां पर एक शेर को बड़े पिंजरे में रखा गया है साथ ही उसके घूमने चलने के लिए एक बाड़ा भी है। बाड़े की जाली से ही पर्यटक शेर को देखते हैं, जिसकी ऊंचाई करीब 4 फीट है। पर्यटकों के बीच में से एक युवक इस जाली को फांदकर भीतर कूद गया। उस समय शेर पिंजरे से बाहर निकल कर  घूम रहा था। इसे देखकर पर्यटक सहसा घबराने लगे। उनकी शोरगुल से वहां तैनात चिड़ियाघर के कर्मचारी पहुंचे। देखा कि एक 30-32 साल का युवक धीरे-धीरे शेर की ओर बढ़ रहा है। कर्मचारियों ने उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मान रहा था। चिड़ियाघर की डिप्टी रेंजर सुखबाई कंवर ने शेर को आवाज देखकर पिंजरे के भीतर बुलाया। आवाज को पहचान कर शेर पिंजरे के भीतर घुस गया। जैसे ही पिंजरे में शेर घुसा, युवक को स्टाफ की लोगों ने पकड़ लिया। वह अपनी हरकत के बारे में कुछ नहीं बता रहा था। उसने अपना नाम कुंतल भीमटे बताया। बिलासपुर मगरपारा का रहने वाला है। सूचना मिलने पर उसका पिता रमेश भीमटे उसे लेने के लिए पहुंचा। पिता ने बताया कि बेटे की तबियत ठीक नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा है पिछले 2 महीने से वह घर में ही रहता है। आज घर से निकल कर यहां तक वह कैसे पहुंच गया इस बारे में घर वालों को पता नहीं है। वन विभाग ने युवक पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया और उसके पिता को सौंप दिया गया।

NO COMMENTS