Home अपडेट इंखर लबारी ल कोनो मानयं नहीं, गंगाजल के बाद अब बछिया के...

इंखर लबारी ल कोनो मानयं नहीं, गंगाजल के बाद अब बछिया के पुंछी ल धरहीं-डॉ. रमन

कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करगीकला में भाजपा का प्रचार

सीएम ने प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस पर किया बड़ा हमला

 ‘कांग्रेस पर जनता ने भरोसा करना बंद कर दिया है। इनकी हालत ये हो गई है कि जेब में गंगाजल का बॉटल लेकर घूम रहे हैं। गंगाजल तो होगे, तभो कोनो कांग्रेस के लबारी ल माने बर तैयार नई हें। अब बछिया के पुछी ल धरे बाचें हे। हम छत्तीसगढ़िया मन जानथन के गंगाजल और बछिया के पुंछी ल तब धराए जाथे, जब कोनो अंतिम सांस लेत रईथे। ओखर बाद खटिया ने उतार के लीपे-पोते भुइयां मं लेटाए जाथे। कांग्रेस के इही दिन आ गे हवय।’

कोटा विधानसभा क्षेत्र के करगीकला और बेलतरा में एक चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने यह बात कही। वे हाल ही में कांग्रेस नेताओं द्वारा रायपुर में ली गई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान गंगाजल लेकर अपनी बात रखने के मामले में टिप्पणी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के सिर्फ 6 फीसदी में सिमट कर रह गई है। सारे चुनाव हार रही है। भाजपा सभी चुनावों में जीत हासिल कर रही है। आज कांग्रेस के लोग नारे लगा रहे हैं। 2001 से 2003 तक वह सत्ता में थी, तब क्या हालत थी। एकड़ पीछे पांच क्विंटल धान खरीदा जाता था। धान डुबो-डुबोकर देखते थे। 16 प्रतिशत ब्याज में कृषि ऋण मिलता था। 6 रुपया यूनिट का बिजली आता था। कांग्रेस के मित्र गरीबी हटाओ, गरीबी हटाओ का नारा लगाते रह गए। कांग्रेसी मित्रों, गरीब और गरीब गया। उनकी भूख से मौत होती रही, पलायन करते रहे। कहां गया गरीबी हटाओ का नारा…? बड़ी बड़ी घोषणाएं करेंगे, दो दिन ये चेहरा दिखाएंगे। किसानों का कर्ज माफ करने का वादा करके पंजाब और कर्नाटक में चुनाव जीते। आज वहां कर्जदार किसानों को हथकड़ियां लगाई जा रही है। हम झूठे वादे नहीं करते। जबकि, इनकी विश्वसनीयता इतनी घट चुकी है कि अब ये गंगाजल के बॉटल लेकर घूम रहे हैं।

जब मैंने सरकार संभाली तक धान का मूल्य 500 रुपए क्विंटल था, आज 2100 रुपए कर दिया है। इस बार हमने 2400 करोड़ रुपए का प्रावधान कर दिया ताकि धान खरीदी के साथ ही 300 रुपए का बोनस किसानों को तत्काल मिल जाए। प्रधानमंत्री ने कहा है कि हम आगे के वर्षों में धान का दाम 2500 से तीन हजार रुपए क्विंटल तक कर देंगे। हमने सभी योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई है।

केन्द्र व राज्य सरकार की आयुष्मान योजना, आवास योजना, स्काई योजना आदि की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आदिवासियों के लिए मुफ्त में मोटर पम्प दे रहे हैं। सिंचाई के लिए 2100 करोड़ रुपए की सबसिडी सिर्फ बिजली में दे रहे हैं। कोटा ने कांग्रेस को बार-बार मौका दिया पर विकास में इसे पिछड़ा रहने दिया। हमने सरकार बनने पर सड़कों का जाल यहां बिछाया। पहले चरण की 18 सीटों में से 14 सीटों पर साफ तौर पर जीत रहे हैं। कांग्रेस के पास नीति, नेता और नीयत नहीं है। सरकार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपका एक प्रतिनिधि मुझे चाहिए इसके लिए काशीराम को चुनकर भेजें। यह आपके बीच का बेटा और भाई है। आने वाले वर्षों में कोटा विधानसभा हिन्दुस्तान के नक्शे में शानदार जगह बनाए इसके लिए भाजपा को जिताएं।

उल्लेखनीय है कि कोटा विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय संघर्ष है। काशीराम साहू पिछला चुनाव करीब 5500 वोटों से हार गए थे। भाजपा ने उन्हें फिर से टिकट दी है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस से विधायक डॉ. रेणु जोगी तथा कांग्रेस से विभोर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसके अलावा आज बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंघरी में भी जनसभा कर प्रत्याशी रजनीश सिंह के लिए वोट मांगे।

 

 

 

 

 

 

 

NO COMMENTS